home page

विद्यार्थियों में ई-स्पोर्ट्स का बढ़ता क्रेज, बीकानेर की ईसीबी में पहली बार शुरू हो रही सीजन आधारित प्रतियोगिता

 | 
विद्यार्थियों में ई-स्पोर्ट्स का बढ़ता क्रेज, बीकानेर की ईसीबी में पहली बार शुरू हो रही सीजन आधारित प्रतियोगिता


बीकानेर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर में रविवार, 18 अक्टूबर को ईसीबी ई-स्पोर्ट्स सीजन-1 का शुभारंभ होगा। महाविद्यालय के खेल विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में लोकप्रिय ऑनलाइन गेम बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (बीजीएमआई) और फ्री फायर मैक्स में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता में 30 से अधिक टीमें भाग लेंगी तथा 150 से अधिक विद्यार्थियों के इसमें शामिल होने की संभावना है। आयोजन महाविद्यालय के नए ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हॉल में होगा। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं दोनों भाग ले सकेंगे।

खेल विभागाध्यक्ष डॉ. नवीन शर्मा ने बताया कि महाविद्यालय में पिछले वर्ष वार्षिक खेल आयोजन के दौरान पहली बार ई-स्पोर्ट्स प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। विद्यार्थियों में इस आयोजन को लेकर उत्साह और डिजिटल गेमिंग के प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए अब इसे नियमित प्रतियोगिता के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इसी क्रम में ईसीबी ई-स्पोर्ट्स सीजन-1 का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ई-स्पोर्ट्स केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रणनीतिक सोच, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता, टीमवर्क और तकनीकी दक्षता की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी रुचि और कौशल प्रदर्शित करने के लिए प्रतिस्पर्धात्मक मंच मिलता है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजीव जैन ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पारंपरिक खेलों के साथ आधुनिक खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करना आवश्यक है। ई-स्पोर्ट्स युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और तकनीकी क्षेत्र में विकसित हो रहे नए अवसरों से परिचित होने का मंच प्रदान करते हैं।

ईसीबी ई-स्पोर्ट्स सीजन-1 के माध्यम से महाविद्यालय में डिजिटल गेमिंग को संगठित खेल गतिविधि के रूप में बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव