नगर निगम ने 18 दिन में हटाए 500 से भी अधिक अवैध बैनर-पोस्टर व 700 से अधिक अवैध होर्डिंग

जयपुर, 30 मई (हि.स.)। ग्रेटर निगम की ओर से अभियान चलाकर पिछले 18 दिन में 500 से भी अधिक अवैध बैनर-पोस्टर, 700 से अधिक अवैध होर्डिंग और 100 से अधिक अवैध स्ट्रक्चर हटाए गए है। ग्रेटर निगम ने 12 मई से सभी जोनों में अवैध होर्डिंग, बैनर, पोस्टर को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 31 मई तक निरंतर चलेगा।
निगम के अनुसार 12 मई से अब तक 1500 से भी अधिक अवैध बैनर-पोस्टर, 700 से भी अधिक अवैध हॉर्डिंग के अतिरिक्त 100 से भी अधिक अवैध स्ट्रक्चर भी हटाए गए हैं। जिनमें से झोटवाड़ा जोन द्वारा 32 अवैध स्ट्रक्चर, मानसरोवर जोन द्वारा 12 अवैध स्ट्रक्चर, मुख्यालय होर्डिंग टीम द्वारा 30 अवैध स्ट्रक्चर हटाए गए।
आयुक्त रूकमणि रियाड़ ने बताया कि निगम क्षेत्राधिकार में अवैध रूप से लगे होर्डिंग, बैनर, पोस्टर, कटआउट शहर को बदरंग करते हैं। साथ ही इससे नियमों के विपरीत लगाने से राजस्व आय भी प्रभावित होती है। साथ ही अतिक्रमण को भी बढ़ावा मिलता है। इसलिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग, बैनर, पोस्टर को हटाया जाता रहा है। जोन स्तर पर राजस्व अधिकारी, राजस्व निरीक्षक, सहायक राजस्व निरीक्षक एवं जोन के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, स्वास्थ्य निरीक्षक की संयुक्त टीम गठित कर अवैध होर्डिंग, बैनर, पोस्टर पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सड़कों, चौराहों, तिराहे, फुटपाथ पर लगे लोहे के अवैध होर्डिंग स्ट्रक्चर को कटवाकर टीमों द्वारा जब्त किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश