home page

आयुर्घोष- 2026’ का भव्य आगाज़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा सभागार

 | 
आयुर्घोष- 2026’ का भव्य आगाज़, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा सभागार


जोधपुर, 09 मार्च (हि.स.)। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के स्थापना दिवस के उपलक्ष में आयोजित दो दिवसीय विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयुर्घोष- 2026 का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। विश्वविद्यालय के सुश्रुत सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन माननीय कुलगुरु प्रोफेसर (वैद्य) गोविंद सहाय शुक्ल की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत प्रात: 10 बजे अतिथियों के स्वागत, मंगलाचरण और धन्वंतरि पूजन के साथ की गई। इस अवसर पर सांस्कृतिक समिति की अध्यक्षा डॉ. रश्मि शर्मा ने आयुर्घोष- 2026 की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों और गतिविधियों की जानकारी दी। कुलगुरु प्रोफेसर शुक्ल ने अपने आशीर्वचन में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र का समापन छात्र कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष प्रोफेसर (डॉ.) गोविंद प्रसाद गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

विद्यार्थियों की प्रतिभा देखने को मिली :

इस सांस्कृतिक महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा देखने को मिली। गायन प्रतियोगिता में समूह और एकल प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं एकल गायन में रितिका, आदित्य, बिलाल और नीतू सहित कई विद्यार्थियों ने अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में विश्वविद्यालय के फैकल्टी मेंबर्स ने भी अपनी प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और अधिक यादगार बना दिया। पूरे दिन चले इस सांस्कृतिक उत्सव का समापन राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के गौरवपूर्ण स्वरों के साथ हुआ।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश