नितिन नवीन के जयपुर आगमन पर भाजयुमो की भव्य बाइक रैली, 5000 बाइकें होंगी शामिल
जयपुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के जयपुर आगमन को लेकर शहर में उत्साह का माहौल है। उनके स्वागत में भव्य समारोह एवं ऐतिहासिक बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो जयपुर की सड़कों पर युवा शक्ति के उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन करेगी।
भाजपा जयपुर शहर जिला अध्यक्ष अमित गोयल ने बताया कि यह आयोजन केवल स्वागत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पार्टी की विचारधारा, संगठनात्मक मजबूती और युवा शक्ति के समर्पण का भी प्रदर्शन होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा सहित जिले के सभी पदाधिकारी अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में उपस्थित रहकर राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत सुनिश्चित करें।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा ने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हर चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखते हैं। यह बाइक रैली जयपुर में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार करेगी तथा युवाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह पूर्यवंशी ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रथम जयपुर आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी प्रतिबद्धता के साथ जुटे हैं। बाइक रैली में करीब 5000 बाइकें शामिल होंगी। रैली दोपहर 2 बजे ओटीएस से रवाना होगी। सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और एकरूपता के साथ भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई है, ताकि शहर की संगठनात्मक शक्ति का प्रभावी संदेश प्रदेशभर में पहुंचे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

