home page

गोविंददेवजी मंदिर में पांच सितंबर को नंदोत्सव के बाद हाथी-ऊंट और झांकियों के साथ निकलेगी शोभायात्रा

 | 
गोविंददेवजी मंदिर में पांच सितंबर को नंदोत्सव के बाद हाथी-ऊंट और झांकियों के साथ निकलेगी शोभायात्रा


जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। श्री गोविंद देव जी मंदिर में 4 सितंबर शुक्रवार को कृष्ण जन्मोत्सव के बाद भाद्रपद कृष्ण नवमी शनिवार, 5 सितंबर को नंदोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार श्रृंगार झांकी के समय नंदोत्सव का आयोजन होगा। इसके बाद शाम 4 बजे मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा रवाना होगी।

गोविंद देवजी मंदिर के सेवा अधिकारी मानस गोस्वामी के अनुसार शोभायात्रा जलेब चौक, हवामहल बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, चांदपोल बाजार और बगरू वालों का रास्ता होते हुए मंदिर श्री राधा गोपीनाथ जी पहुंचेगी, जहां इसका विश्राम होगा।

इस शोभायात्रा में हाथी पचरंगा मय निशान, ऊंट मय लड्ढा शहनाई वादन, दो ऊंट मय लवाजमा, दो घोड़े मय लवाजमा और जिया बैंड शामिल होंगे। गणेश जी महाराज, तिरुपति बालाजी, श्री अक्रूर जी और राधा-कृष्ण की झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

इसके अलावा श्री वार्ष्णेय समाज सेवा समिति, सिंधी पंचायत, जयपुर बंगाली, श्री राधा गोविंद देव जी चाकर, गौर गोविंद महिला मंडल और गोविंद पर्रिकर कीर्तन मंडलियां संकीर्तन करती चलेंगी। गौ सेवा के संदेश के साथ पिंजरापोल गौशाला की झांकी भी शामिल होगी।

इस शोभायात्रा में ठाकुर श्री गोपीनाथजी एवं श्री श्यामसुंदर जी, प्रेमावतार षट्भुज महाप्रभु जी एवं ठाकुर श्री राधा दामोदर जी, ठाकुर श्री विनोद लालजी एवं स्व. गोस्वामी प्रद्युम्न कुमार देवजी, ठाकुर श्री राधारमण जी एवं ठाकुर श्री मदन मोहन जी तथा ठाकुर श्रीजी प्राकट्य कथा पूज्य रूप गोस्वामी जी की झांकियां और मुख्य रथ भी शामिल रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश