राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने किया दो दिवसीय दशहरा मेले की पत्रिका का विमोचन
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। प्रतापनगर विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले दो दिवसीय भव्य दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर उत्साह का माहौल है। मेले के प्रचार-प्रसार के तहत राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने आधिकारिक रूप से दशहरा मेले की पत्रिका का विमोचन किया और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
दशहरा मेले की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ 17 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे भूमि पूजन के साथ किया जाएगा। भेरू सर्किल, प्रतापनगर स्थित दशहरा मैदान में आयोजित होने वाले इस भूमि पूजन के पश्चात मैदान में मेले की अन्य व्यवस्थाओं और मंच निर्माण को विधिवत गति दी जाएगी। समिति ने सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और कार्यकर्ताओं से इस कार्यक्रम में समय पर उपस्थित रहने की अपील की है। समिति के तत्वावधान में 19 एवं 20 अक्टूबर को भव्य दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। 19 अक्टूबर को भव्य राष्ट्रीय कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें देश के जाने-माने कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 20 अक्टूबर को विजयादशमी के पावन पर्व पर मुख्य दशहरा कार्यक्रम संपन्न होगा। इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण यह रहेगा कि रावण दहन सामान्य लकड़ियों के स्थान पर गोकाष्ठ से किया जाएगा, जिसके जरिए समाज में पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का अनूठा संदेश दिया जाएगा।
दशहरा मेला समिति के मुख्य संयोजक चेतन जैन निमोडिया ने बताया कि प्रतापनगर का यह दशहरा मेला क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसका आयोजन समिति द्वारा लगातार कई वर्षों से किया जा रहा है।
इस आयोजन को सफल बनाने में अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक गोपीचंद गुर्जर, महामंत्री ओमप्रकाश बाहेती, उपाध्यक्ष दफ्तरी जी, और कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, दशहरा मेले के सह-संयोजक योजन शर्मा, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन के मुख्य संयोजक गुलाब कोरानी एवं डॉ. गिरिराज शर्मा,अमित शर्मा, अखिल द्विवेदी, डॉ. हिमांशु जैन, सुभाष जी शर्मा और गौरीशंकर स्वामी सहित तमाम कार्यकर्ता, समिति के सभी पदाधिकारियों ने इस वर्ष के आयोजन को ऐतिहासिक, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

