home page

राज्यपाल बागडे ने किया ‘लीलाधर उत्सव’ के पोस्टर का विमोचन

 | 
राज्यपाल बागडे ने किया ‘लीलाधर उत्सव’ के पोस्टर का विमोचन


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। भगवान श्री देवनारायण के परम निष्ठावान अश्व ‘लीलाधर’ की स्मृति, सम्मान और गौरव को समर्पित ‘लीलाधर उत्सव’ के पोस्टर का विमोचन राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे ने सिविल लाइंस स्थित लोक भवन में किया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय गुर्जर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भगवान श्री देवनारायण एवं भैरव बाबा मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि शंकर धाभाई की ओर से किया गया।

धाभाई ने बताया कि ‘लीलाधर उत्सव’ धार्मिक आयोजन के साथ राजस्थान की लोक संस्कृति, परंपरा, वीरता, निष्ठा और सामाजिक समरसता का उत्सव होगा। उत्सव का शुभारंभ विशेष अश्व पूजन और महाआरती से होगा। इसके बाद भगवान श्री देवनारायण और अश्व लीलाघर की सजीव झांकियों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

शोभायात्रा में धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ राजस्थान की लोक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

पोस्टर विमोचन के साथ ही उत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। समारोह में अशोक कुमार शर्मा, विनोद कुमार लोकवानी, राजेंद्र कुमार सोनी, करण सिंह तंवर, दिनेश गुर्जर सहित महासंघ एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी और समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

धाभाई ने देशभर के श्रद्धालुओं और गुर्जर समाज के लोगों से सपरिवार उत्सव में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लीलाघर की स्मृति से जुड़ा यह आयोजन लोक आस्था और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश