ग्रामीण-शहरी सेवा शिविरों से घर-घर पहुंच रहा सुशासन : मुख्यमंत्री
जयपुर, 14 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के माध्यम से राज्य सरकार आमजन को घर के निकट ही त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा घर-घर सुशासन पहुंचाने के संकल्प को साकार किया जाए।
मुख्यमंत्री निवास पर रविवार को आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और समाधान का महाभियान बनाया जाए। उन्होंने सभी जिला कलक्टर्स को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, कार्मिकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली अपनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला प्रभारी सचिवों एवं संभागीय आयुक्तों को शिविरों का नियमित निरीक्षण करने तथा जिला कलक्टर्स को विशेष टीम गठित कर औचक निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, पानी और चिकित्सा जैसे आमजन की आवश्यकताओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने 181 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के जिलावार त्वरित समाधान, मानसून पूर्व तैयारियों को मजबूत करने तथा जलभराव की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने शिविरों में प्राप्त अतिक्रमण संबंधी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करने तथा लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शिविरों में मिलने वाली विशेष रियायतों एवं लाभों का समुचित रिकॉर्ड रखा जाए और लाभान्वित व्यक्तियों की सफलता की कहानियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अन्य नागरिक भी इन शिविरों का अधिकाधिक लाभ उठा सकें।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में राज्य सरकार 12 जून से 15 जुलाई तक प्रदेशभर में ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का आयोजन कर रही है। इन शिविरों में एक ही छत के नीचे विभिन्न योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और विशेष रियायतों का लाभ आमजन को उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जिला कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

