महाप्रबंधक, उत्तर पश्चिम रेलवे ने कॉमनवेल्थ गेम्स पदक विजेता रेलकर्मी यशवीर सिंह को किया सम्मानित
जयपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल के जयपुर स्टेशन पर वाणिज्य सह टिकट क्लर्क के पद पर कार्यरत यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रॉन्ज मेडल) जीतकर देश और भारतीय रेलवे का नाम रोशन किया है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने यशवीर सिंह को उनकी इस ऐतिहासिक सफलता के लिए सम्मानित किया।
महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने यशवीर सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि रेलवे को अपने ऐसे प्रतिभावान कर्मचारियों पर गर्व है जो अपनी खेल प्रतिभा से वैश्विक पटल पर देश का तिरंगा लहरा रहे हैं। इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे खेलकूद संघ के अध्यक्ष एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी राजीव सिंह एवं संघ के सचिव अनुज तायल, मुख्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

