home page

नए स्वरूप, भव्यता और नवाचारों के साथ आयोजित हाेगी सदियों पुरानी और गौरवशाली ‘तणी तोड़’ परंपरा

 | 
नए स्वरूप, भव्यता और नवाचारों के साथ आयोजित हाेगी सदियों पुरानी और गौरवशाली ‘तणी तोड़’ परंपरा


बीकानेर, 26 फ़रवरी (हि.स.)। एक नए स्वरूप, भव्यता और नवाचारों के साथ इस वर्ष शहर की सदियों पुरानी और गौरवशाली ‘तणी तोड़’ परंपरा 3 मार्च काे आयोजित की जाएगी।

आयोजन को लेकर गुरुवार दोपहर नत्थूसर गेट स्थित नरसिंह मंदिर में नत्थूसर गेट माेहल्ला तणी समित की प्रेस कांफ्रेंस में नवनीत पुरोहित, प्रेमरतन जाेशी, नरेश जाेशी, गिरिराज जाेशी, ऋषभ जाेशी, माेहित स्वामी, सुनील जाेशी, याेगेश पुराेहित, राधेश्याम व्यास ने संयुक्त रुप से बताया कि बताया कि नत्थूसर गेट के बाहर होने वाले आयोजन को इस बार अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं। तणी तोड़ने के लिए मोहित जोशी और गिरिराज जोशी के नाम सामने आए हैं। इस आयोजन में अधिकृत व्यक्ति ही तणी तोड़ने के पात्र होंगे। पूर्व पार्षद नरेश जोशी ने परंपरा का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन में वर्षों से जोशी जाति से जुड़े युवक ही तणी को तोड़ते है, के लिए आमंत्रित किया जाता है और किराडू समाज के लाेगाें द्वारा कंधा देने की विशेष भूमिका निभाई जाती है। जो युवक तोड़ने के लिए ऊपर चढ़ता है उसके हाथ में बिना धार की तलवार(गुप्ती) होती है और जो तणी बांधी जाती है वो मुज्ज् से बनती है जिसको कई दिनों तक पानी मे भिगो कर रखा जाता है। पूजा पुराेहित समाज के लाेग कराते हैं।

आयोजन समिति ने इस बार लोक परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए कई बदलाव किए हैं। कार्यक्रम से पूर्व ही पूरे आयोजन स्थल को पारंपरिक ढंग से सजाया जाएगा। समाज के प्रबुद्ध जनों, जननेताओं और प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक ऊंचा स्टेज बनाया जाएगा जहा पर बैठकर वो इस आयोजन का लुत्फ उठा सके। देश-दुनिया तक इस परंपरा को पहुंचाने के लिए मीडियाकर्मियों हेतु तणी के ठीक सामने वाली छत पर बैठने और कवरेज करने के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रम शुरू होने से 2 घंटे पहले ही दोनों तरफ से वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव