home page

ग्लोबल नर्सिंग समिट: एआई, रोबोटिक नर्सिंग और सिमुलेशन आधारित शिक्षा पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार

 | 
ग्लोबल नर्सिंग समिट: एआई, रोबोटिक नर्सिंग और सिमुलेशन आधारित शिक्षा पर विशेषज्ञों ने साझा किए विचार


जयपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। शिक्षक दिवस के अवसर पर नर्सिंग टीचर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया एवं आरएच हेल्थ केयर सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग कॉन्फ्रेंस ‘ग्लोबल नर्सिंग समिट-2026’ का शनिवार को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, झालाना डूंगरी में आगाज हुआ। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘ट्रांसफॉर्मिंग नर्सिंग शेप थ्रू आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इनोवेशन, रोबोटिक नर्सिंग, सिमुलेशन बेस्ड नर्सिंग एजुकेशन और इमर्जेंट नर्सिंग लीडरशिप’ रखी गई है।

उद्घाटन सत्र में श्रीलंका से वरना कुलसरैया, इंडोनेशिया से जुबेदा रोहमावती, भूटान से मणिकला, राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. फारुख खान, मुंबई 2008 आतंकी हमले के दौरान साहस दिखाने वाली नर्स अंजलि विजय कुलथे तथा अतिरिक्त निदेशक डीपीआर डॉ. गोवर्धन शर्मा सहित देश-विदेश के नर्सिंग विशेषज्ञ मौजूद रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. राहुल शर्मा एवं सचिव पुरुषोत्तम कुंभज ने बताया कि सम्मेलन के पहले दिन नर्सिंग शोधकर्ताओं के 33 ऑफलाइन और 27 पेपर प्रस्तुतिकरण तथा छह पोस्टर प्रस्तुतिकरण हुए। इनका मूल्यांकन देश-विदेश के 33 विशेषज्ञों की निर्णायक समिति ने किया। गोल्डन पेपर प्रेजेंटेशन पुरस्कार शिवराम वर्मा, सिल्वर पेपर प्रेजेंटेशन शकीला, गोल्डन पोस्टर प्रेजेंटेशन शत्रुघ्न पारीक तथा सिल्वर पोस्टर प्रेजेंटेशन शैलीन वर्गीस को प्रदान किया गया।

आयोजन समिति के संयोजक महेश शर्मा, सह-संयोजक मनोज शर्मा और डॉ. हेमलता शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में नर्सिंग शिक्षा में उच्च शिक्षा की चुनौतियां, नेशनल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी कमीशन, भर्ती नीति, नर्सिंग कैडर समीक्षा, भविष्य में नर्सिंग का स्वरूप, भारत और विदेशों की नर्सिंग सेवाओं का मूल्यांकन तथा दूरस्थ शिक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के संबंध जैसे विषयों पर पैनल चर्चा हुई।

पैनल में डॉ. विमला कपूर, डॉ. गीता देवी, डॉ. लक्ष्मी देवी, डॉ. राकेश नेहरा, डॉ. वीरेंद्र चौधरी, डॉ. हरिचरण रावत, डॉ. बाबूलाल यादव, डॉ. मारिया थेरिश, स्नेहा शेखरावत, प्यारेलाल चौधरी, अशोक सपोटरा और पवन कुमार मीना ने विचार रखे। चर्चा का संचालन शत्रुघ्न पारीक, महिपाल जेवालिया, राजपाल यादव, उमेश पाराशर एवं डॉ. पवन ओझा ने किया। मंच संचालन डॉ. अंकित गर्ग ने किया।

रविवार को सुबह 10 बजे से समिट का मुख्य कार्यक्रम होगा। इसमें अतिरिक्त मिशन निदेशक, एनएचएम डॉ. टी. शुभमंगला, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव सोनी, मंजू चूगानी, सुरेश शर्मा, सुखपाल कौर, डॉ. सतीश अवस्थी, डॉ. लव संपूर्णजोत कौर, डॉ. रीटा देवी, डॉ. आई. क्लेमेंट और डॉ. घनश्याम जांगिड़ सहित अन्य वक्ता संबोधित करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश