home page

मालदीव में डॉ. रजनीश जैन और डॉ. रेशु जैन को अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथी सम्मान

 | 
मालदीव में डॉ. रजनीश जैन और डॉ. रेशु जैन को अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथी सम्मान


डूंगरपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। सागवाड़ा क्षेत्र के दो चिकित्सकों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वागड़ का नाम रोशन किया है। सागवाड़ा स्थित एच.एच. होम्योपैथी हब की संस्थापक डॉ. रेशु जैन तथा राजस्थान होम्योपैथिक फार्मेसी एवं श्री आर.के. होम्योपैथी हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश जैन को मालदीव में आयोजित ग्लोबल होम्योपैथी समिट-2 में प्रतिष्ठित 'मास्टर ऑफ होम्योपैथिक अवार्ड-2026' से सम्मानित किया गया। यह सम्मान डॉ. विजय होम्योपैथी, नई दिल्ली की ओर से वरिष्ठ होम्योपैथिक विशेषज्ञ डॉ. बनवारी लाल मित्तल ने प्रदान किया।

सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के होम्योपैथिक चिकित्सकों, शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लेकर चिकित्सा क्षेत्र के नवीनतम शोध एवं समग्र स्वास्थ्य सेवाओं पर विचार-विमर्श किया।

डॉ. रजनीश जैन को ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में दीर्घकालीन चिकित्सा सेवाएं देने, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन, जनजागरूकता अभियानों तथा होम्योपैथी के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि सागवाड़ा, डूंगरपुर और पूरे वागड़ क्षेत्र की जनता के विश्वास और सहयोग का सम्मान है। उन्होंने भविष्य में भी जनसेवा और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।

डॉ. रजनीश जैन वर्तमान में 'रॉयल सक्सेस इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' के अंतर्गत ममता सेवा संस्थान एवं श्री आर.के. होम्योपैथी हॉस्पिटल में 'चीफ-वेस्ट जोन इंडिया' के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने नेत्र, दंत एवं होम्योपैथी से जुड़े अनेक निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित कर अब तक 86 हजार से अधिक मरीजों को निःशुल्क परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराई हैं। ममता सेवा संस्थान के माध्यम से दाहोद क्षेत्र में एक हजार निःशुल्क नेत्र ऑपरेशन कराने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पिछले दो दशकों में चिकित्सा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए डॉ. जैन को कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इनमें क्राफ्ट एक्सीलेंस अवार्ड गोल्ड मेडल, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, ग्लोबल होम्योपैथी समिट-श्रीलंका सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान शामिल हैं। उन्हें राजस्थान बोर्ड ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, जिला प्रशासन डूंगरपुर तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

सागवाड़ा के चिकित्सकों को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर क्षेत्रभर में खुशी का माहौल है। स्थानीय चिकित्सकों, समाजसेवियों, व्यापारिक संगठनों, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और जैन समाज के प्रतिनिधियों ने डॉ. रजनीश जैन और डॉ. रेशु जैन को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष