home page

ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल 28 फरवरी से जयपुर में

 | 
ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल 28 फरवरी से जयपुर में


जयपुर, 25 फ़रवरी (हि.स.)। ग्लोबल हेल्थ एंड वेलनेस फेस्टिवल (जीएचडब्लूएफ) इस बार जयपुर के ऐतिहासिक बिड़ला ऑडिटोरियम में 28 फरवरी और 01 मार्च को आयोजित होने जा रहा है। फेस्टिवल में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा और प्रत्येक पंजीकृत प्रतिभागी को 15 हजार मूल्य की हेल्थकेयर बेनिफिट बुकलेट प्रदान की जाएगी। जिससे वे वर्षभर संबद्ध अस्पतालों और हेल्थकेयर सेवाओं में चिकित्सा खर्च पर बचत कर सकेंगे।

फेस्टिवल के फाउंडर हिम्मत सिंह नाथावत ने बताया कि जस्ट हेल्थ एंड वेलनेस (जेएचडब्लू) की अगुवाई में शुरू किया गया यह अभियान हर साल नए आयाम छू रहा है। इस मंच के माध्यम से हम स्थानीय डॉक्टरों और अस्पतालों को अंतरराष्ट्रीय मेडिकल स्पेशलिस्ट से साथ जुड़ने का अवसर दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष फेस्टिवल सात वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की कोशिश करेगा। जो हेल्थ अवेयरनेस, इंश्योरेंस जागरूकता, वरिष्ठ नागरिक सशक्तिकरण, कॉर्पोरेट हेल्थ ट्रेनिंग, महिलाओं के स्वास्थ्य और बड़े पैमाने पर जनभागीदारी जैसे विषयों पर केंद्रित होंगे।

को-फाउंडर भूपेंद्र सिंह, आर.के. व्यास और अजय शर्मा ने कहा कि इस बार दुबई और ऑस्ट्रिया के डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट डिजिटल माध्यम से जुड़कर एडवांस मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और ग्लोबल हेल्थ इनोवेशन पर अपने विचार साझा करेंगे। इससे लोकल से ग्लोबल की सोच को और मजबूती मिलेगी। समापन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री मिनिषा लाम्बा और प्रसिद्ध कलाकार सुधा चंद्रन की उपस्थिति रहेगी और साथ ही लोकगायक रैपरिया बालम और बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर, रविंद्र उपाध्याय की संगीतमय प्रस्तुति कार्यक्रम को यादगार बनाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश