home page

एचपीवी टीकाकरण विशेष अभियान में 14-15 वर्ष की बालिकाओं को लगाए टीके

 | 
एचपीवी टीकाकरण विशेष अभियान में 14-15 वर्ष की बालिकाओं को लगाए टीके


जयपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। जयपुर जिले में शुक्रवार को एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि जिले में एचपीवी टीकाकरण के प्रति बच्चियों में खासा उत्साह देखा गया। अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का नजदीकी जिला अस्पताल, उपजिला अस्पताल एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर नि:शुल्क टीकाकरण किया गया।

उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर गर्भाशय के निचले हिस्से, जिसे सर्विक्स कहा जाता है, में विकसित होने वाला कैंसर है। इसके लगभग 99.7 प्रतिशत मामलों का प्रमुख कारण हाई-रिस्क एचपीवी संक्रमण होता है। एचपीवी प्रजनन मार्ग का एक सामान्य वायरल संक्रमण है, जिसकी प्रमुख प्रजातियां 6, 11, 16 एवं 18 हैं। भारत में महिलाओं के बीच यह दूसरा सबसे आम कैंसर है।

उन्होंने अभिभावकों तथा आमजन से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण हेतु प्रेरित करें, ताकि उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। टीकाकरण के लिए आधार कार्ड, स्कूल आईडी या अंकतालिका में से कोई एक आयु प्रमाण के रूप में लाना आवश्यक है। जिनके पास दस्तावेज नहीं हैं, उनके लिए अभिभावक,संरक्षक द्वारा सहमति पत्र देकर आयु प्रमाणित किया जा सकेगा, जिसे यूविन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश