भौगोलिक संकेतक (जीआई) पंजीकरण से स्थानीय उत्पादों को मिलेगी वैश्विक पहचान : डॉ. रोहित जैन
बीकानेर, 05 जून (हि.स.)। भौगोलिक संकेतक विषय पर एक महत्वपूर्ण बैठक बीकानेर जिला उद्योग संघ परिसर में आयोजित की गई, जिसमें जयपुर से आए जीआई विशेषज्ञ डॉ. रोहित जैन ने उद्यमियों एवं व्यापारियों को जीआई के महत्व एवं इसके व्यावसायिक लाभों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की ।
डॉ. रोहित जैन ने बताया कि जीआई पंजीकरण किसी क्षेत्र विशेष के विशिष्ट उत्पादों की पहचान एवं प्रतिष्ठा को कानूनी संरक्षण प्रदान करता है। इससे उत्पाद की मौलिकता सुरक्षित रहती है, नकली एवं भ्रामक उत्पादों पर रोक लगती है तथा उत्पादकों और व्यापारियों के आर्थिक हितों की रक्षा होती है। उन्होंने कहा कि जीआई टैग प्राप्त होने से उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विशिष्ट पहचान मिलती है, जिससे उनकी मांग एवं मूल्य दोनों में वृद्धि की संभावना रहती है ।
संघ अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, उपाध्यक्ष अशोक सुराणा ने बताया कि बीकानेर क्षेत्र के विभिन्न पारंपरिक एवं विशिष्ट उत्पादों पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से लगभग 6 से 7 विभिन्न उत्पादों के लिए जीआई पंजीकरण हेतु आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया।
बीकानेर दाल मिल्स एसोसिएसन अध्यक्ष जयकिशन अग्रवाल ने बताया कि इसके लिए संबंधित व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों के सहयोग से आवश्यक दस्तावेजों एवं ऐतिहासिक तथ्यों का संकलन किया जाएगा।
बैठक में दाल मिल एसोसिएशन, ऊन व कारपेट उद्योग से जुड़े व्यापारी, पापड़, मिठाई एवं नमकीन उद्योग के प्रतिनिधि, सोने-चांदी के आभूषण निर्माताओं एवं व्यापारियों सहित विभिन्न व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों के अनेक उद्यमी एवं व्यापारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने जीआई पंजीकरण को बीकानेर के पारंपरिक उत्पादों के संरक्षण एवं उनके बाजार विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उपस्थित सदस्यों ने भविष्य में जीआई संबंधी कार्यवाही को गति देने तथा विभिन्न उत्पादों के लिए शीघ्र आवेदन प्रस्तुत करने पर सहमति व्यक्त की। इस अवसर पर श्यामसुन्दर सोनी, राजकुमार पचीसिया, वीरेंद्र किराडू, अरुण झंवर, नवीन सुराणा, रोहित अग्रवाल, ज्योति गोयल, भूपेंद्र भारद्वाज, निर्मल पारख, अंकुर अग्रवाल, विशवास अग्रवाल, किशनलाल बोथरा, विपुल बंसल, सार्थक अरोड़ा, विनीत जैन, मनीष नाहटा, राहुल सुराणा, परवेश गोयल, राजीव शर्मा, सुरेश चांडक, भिनव नाहटा, रामकरण जाजडा, योगेश श्रीमाली आदि उपस्थित हुए| इस अवसर पर उपस्थित सभी ने डॉ. रोहित जैन का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया|
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

