home page

आरआईसी में जेमस्टोन शो का जलवा: एक दिन में पहुंचे 5 हजार से अधिक खरीदार

 | 
आरआईसी में जेमस्टोन शो का जलवा: एक दिन में पहुंचे 5 हजार से अधिक खरीदार


आरआईसी में जेमस्टोन शो का जलवा: एक दिन में पहुंचे 5 हजार से अधिक खरीदार


जयपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन की ओर से राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में जयपुर एसोसिएशन जेमस्टोन शो (जेजीएएस-2026) के 30वें संस्करण का शानदार आयोजन किया गया। शो में एक ही दिन में 5 हजार से अधिक आगंतुकों और व्यापारिक खरीदारों के पहुंचने का दावा किया गया। 210 बूथों पर सजे रंगीन रत्नों और खरड़ की प्रदर्शनी में सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी रही। आयोजकों के अनुसार, औपचारिक उद्घाटन से पहले ही खरीदार पहुंचने लगे थे और रात 9 बजे तक प्रदर्शनी में व्यापारियों की भीड़ रही।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर सुनील कोठारी ने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान रखने वाली ज्योतिषाचार्य सुरभी गुप्ता मौजूद रहीं। इस दौरान शो की स्मारिका का विमोचन किया गया और आयोजन में सहयोग देने वालों का सम्मान किया गया।

महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि जयपुर के पूर्वज जौहरियों ने अपनी व्यावसायिक प्रतिभा और मेहनत से शहर को विश्व पटल पर रत्न नगरी के रूप में पहचान दिलाई। हालांकि, वर्तमान में बैंकॉक और हांगकांग जैसे शहर इस कारोबार में आगे निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि दुबई की पहचान गोल्ड सिटी के रूप में है, उसी तरह जयपुर को जेमस्टोन सिटी के रूप में स्थापित किया जाना चाहिए। जयपुर के 300वें स्थापना दिवस के लिए उन्होंने ‘म्हारो जयपुर, प्यारो जयपुर, न्यारो जयपुर’ का नारा भी दिया।

जयपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला ने स्वागत संबोधन में कहा कि जेजीएएस भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। इसका उद्देश्य जयपुर के कारीगरों द्वारा तराशे गए रंगीन रत्नों को दुनिया भर के खरीदारों तक पहुंचाना और रत्न व्यापारियों तथा निर्माताओं के बीच दीर्घकालीन व्यावसायिक संबंध स्थापित करना है।

उन्होंने बताया कि जेएएस-2026 के दौरान दुबई और शारजाह के रत्न एवं आभूषण कारोबार से जुड़े संगठनों के साथ जयपुर के व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में पहल की गई। जयपुर को विश्वस्तरीय रत्न नगरी के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि सुरभी गुप्ता ने कहा कि असली रंगीन रत्नों के लिए जयपुर की विश्वसनीयता पूरी दुनिया में है। यहां के जौहरियों ने अपनी ईमानदारी और व्यवहार से यह पहचान बनाई है। ज्योतिष की सफलता में असली रत्नों की महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती है और इस क्षेत्र की विश्वसनीयता भी रत्नों की गुणवत्ता से जुड़ी है।

जयपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन के महासचिव अजय गोधा ने कहा कि जेजीएएस में निर्माताओं और रत्न व्यापारियों के बीच सीधा संवाद होता है, जिससे व्यापारिक संबंध मजबूत होते हैं। शो की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बढ़ रही है। आयोजन के संयोजक प्रकाश बैद ने कहा कि जेजीएएस का उद्देश्य जयपुर के रत्न एवं आभूषण कारोबार को उन्नति और नए अवसर प्रदान करना है। इसकी बढ़ती लोकप्रियता आयोजकों का उत्साह बढ़ा रही है।

शो के दौरान जयपुर ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला के नेतृत्व और प्रयासों की भी सराहना की गई। महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि उनके अनुभव और संपर्कों का लाभ जयपुर के आभूषण कारोबार के साथ पूरे शहर को मिल रहा है। सुरभी गुप्ता ने भी उनके व्यापक अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का उल्लेख किया। ज्वेलर्स समुदाय के प्रतिनिधियों ने जेएएस-2026 और जेजीएएस-2026 की सफलता में उनके नेतृत्व और प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश