home page

शीतलाष्टमी पर प्रसाद खराब होने से बचाने को गायत्री परिवार चलाएगा अभियान

 | 
शीतलाष्टमी पर प्रसाद खराब होने से बचाने को गायत्री परिवार चलाएगा अभियान


जयपुर, 09 मार्च (हि.स.)। शीतला अष्टमी पर शीतला माता को अर्पित किए जाने वाले ठंडे पकवान और प्रसाद को पानी में भीग कर खराब होने से बचाने के लिए अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से जन जागरण अभियान चलाया जाएगा। अभियान की जिम्मेदारी गायत्री परिवार के महिला मंडल संभालेंगे।

इस संबंध में गायत्री शक्तिपीठ ब्रह्मपुरी में बैठक आयोजित कर अभियान की रूपरेखा तय की गई और पोस्टर का विमोचन किया गया। गायत्री परिवार राजस्थान के मुख्य ट्रस्टी ओमप्रकाश अग्रवाल ने बताया कि अन्न के हर दाने का सदुपयोग हो, इसी उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

राजस्थान प्रांत जोन सह-समन्वयक गायत्री कचोलिया ने बताया कि महिला मंडल की दो-दो सदस्यों की टोलियां शीतला माता मंदिरों और पूजन स्थलों पर जाकर श्रद्धालु महिलाओं से प्रसाद को मंदिर परिसर में रखे विशेष पात्रों में डालने का आग्रह करेंगी, ताकि उसे सुरक्षित एकत्र कर जरूरतमंदों तक पहुंचाया जा सके।

अभियान से जुड़ी नीलम शर्मा ने बताया कि मंदिरों में बड़े बर्तन और विशेष थैलियों की व्यवस्था की जाएगी। एकत्रित प्रसाद को पैक कर अनाथालयों, कच्ची बस्तियों, जरूरतमंद परिवारों और गौशालाओं में भेजा जाएगा। मंदिर परिसर में कुम्हार परिवार के सदस्य प्रसाद ले जाना चाहें तो उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी।

मंदिरों के आसपास जागरूकता बैनर भी लगाए जाएंगे और पुजारियों का सहयोग लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गायत्री परिवार कई वर्षों से यह अभियान चला रहा है। गत वर्ष कई क्विंटल प्रसाद खराब होने से बचाकर गौशालाओं तक पहुंचाया गया था। इस वर्ष अभियान को जयपुर सहित राजस्थान के अन्य शहरों में भी चलाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश