home page

चूरू में हुआ ऐतिहासिक गौरव सेनानी रैली का आयोजन

 | 
चूरू में हुआ ऐतिहासिक गौरव सेनानी रैली का आयोजन


चूरु, 08 मार्च (हि.स.)। भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान के तत्वावधान में रणबांकुरा डिवीजन द्वारा रविवार को चूरू में “गौरव सेनानी रैली” के नाम से एक भव्य पूर्व सैनिक रैली एवं चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। चूरू के एसएआई स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की आठों तहसीलों से आए दस हजार से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं एवं उनके आश्रितों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लेफ्टिनेंट जनरल मंजींदर सिंह, आर्मी कमांडर , सप्त शक्ति कमांड , बरिंदर जीत कौर, रीजनल प्रेजिडेंट , सप्त शक्ति आवा तथा लेफ्टिनेंट जनरल शमशेर सिंह विर्क, जीओसी , चेतक कोर सहित अनेक गणमान्य नागरिक अतिथि भी उपस्थित रहे। राज्य और जिला स्तर के नागरिक प्रशासन की बड़ी भागीदारी ने पूर्व सैनिकों के कल्याण के प्रति नागरिक प्राधिकरणों की प्रतिबद्धता तथा उनके अधिकारों की समयबद्ध उपलब्धता और संरचित संवाद को सुनिश्चित करने की भावना को पुनः सुदृढ़ किया। कार्यक्रम में आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, साहसिक गतिविधियाँ, सैन्य हेलीकॉप्टरों द्वारा युद्ध कौशल प्रदर्शन, सैन्य उपकरणों का प्रदर्शन तथा मिलिट्री पाइप बंद की प्रस्तुति आयोजित की गई, जिसने सैनिक परंपरा और राष्ट्र निर्माण में पूर्व सैनिकों की महत्वपूर्ण भूमिका का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

जन संपर्क अधिकारी (रक्षा) ले कर्नल निखिल धवन के अनुसार रैली में विभिन्न रिकॉर्ड ऑफिस , बैंकों तथा सरकारी कल्याणकारी एजेंसियों जैसे दिआव , ऐ डब्लू पी ओ , इ सी एच एस और जिला सैनिक बोर्ड द्वारा सहायता काउंटर एवं स्टॉल स्थापित किए गए, जहाँ पूर्व सैनिकों की शिकायतों के निवारण, दस्तावेज़ों के अद्यतन, पेंशन संबंधी प्रश्नों और रोजगार के अवसरों के संबंध में सहायता प्रदान की गई। पहली बार रेवेन्यू डिपार्टमेंट द्वारा स्टॉल स्थापित करना इस आयोजन की एक विशेष पहल रही। साथ ही आयोजित मेडिकल कैंप में प्रतिभागियों को व्यापक स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ परामर्श भी प्रदान किया गया।

रैली के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में वीर नारियों, वीर माताओं तथा युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिकों को राष्ट्र के प्रति उनके विशिष्ट योगदान और बलिदान के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त दिव्यांग पूर्व सैनिकों, वीर माताओं और वीरांगनाओं को विभिन्न सहायक उपकरण भी प्रदान किए गए, जिनमें 16 तीन पहिया स्कूटर, 113 व्हीलचेयर, 80 श्रवण यंत्र , 29 वॉकर्स , 29 पेशेंट बेड् तथा बीपी मशीन शामिल हैं। साथ ही अनेक दिव्यांग पूर्व सैनिकों, को पर्याप्त वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई।

सप्त शक्ति कमान पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण और समग्र सुख-समृद्धि के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। चूरू में आयोजित गौरव सेनानी रैली 2026 भारतीय सेना और उसके पूर्व सैनिकों तथा वीर नारियों के बीच अटूट संबंध का प्रतीक है, जो राष्ट्र की सामूहिक श्रद्धा, कृतज्ञता और उन सभी के प्रति उत्तरदायित्व को पुनः स्थापित करता है जिन्होंने देश की सेवा सम्मान और गौरव के साथ की है। यह आयोजन इस तथ्य को भी रेखांकित करता है कि पूर्व सैनिकों का कल्याण एक साझा राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके लिए सेना, नागरिक प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव