home page

शिल्पग्राम में गणगौर जयपुर कला महोत्सव भव्य शुभारंभ: कला-संस्कृति और विरासत के रंगों से सजा परिसर

 | 
शिल्पग्राम में गणगौर जयपुर कला महोत्सव भव्य शुभारंभ: कला-संस्कृति और विरासत के रंगों से सजा परिसर


जयपुर, 21 नवंबर (हि.स.)। जयपुर की समृद्ध कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को समर्पित पांच दिवसीय ‘गणगौर जयपुर कला महोत्सव-2026’ का शनिवार को जवाहर कला केंद्र स्थित शिल्पग्राम में भव्य शुभारंभ हुआ। जयपुर के 300 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव में राजस्थानी लोककला, हस्तशिल्प, चित्रकला, मूर्तिशिल्प, डिजाइन और इंस्टॉलेशन का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। इस आयोजित महोत्सव का शुभारंभ राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी की उपस्थिति में हुआ। दोनों अतिथियों ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया और आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पारंपरिक कलाओं का संरक्षण, कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और कला प्रेमियों को विभिन्न कला विधाओं से जुड़ने का अवसर देते हैं।

आयोजन के कन्वीनर बृज मोहन चांदना ने बताया कि 25 नवंबर तक चलने वाले इस महोत्सव में 10 से अधिक राज्यों के 200 से अधिक कलाकार भाग ले रहे हैं। आयोजन में 150 से अधिक स्टॉल्स लगाए गए हैं, जहां विभिन्न कला विधाओं, हस्तशिल्प और कलाकृतियों का प्रदर्शन किया जा रहा है।

महोत्सव में आगंतुकों को पेंटिंग्स और कलाकृतियों की प्रदर्शनी देखने के साथ उनकी खरीदारी का अवसर भी मिलेगा। इसके अलावा वे कलाकारों से सीधे संवाद कर उनकी कला, तकनीक और सृजन प्रक्रिया के बारे में जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

कन्वीनर बृज मोहन चांदना ने बताया कि महोत्सव के दौरान प्रत्येक दो घंटे में विभिन्न लोक एवं शास्त्रीय सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जा रही हैं। पहले दिन शनिवार को गायिका सीमा मिश्रा की विशेष प्रस्तुति भी कार्यक्रम का हिस्सा रही।

इस अवसर पर राजस्थान विश्वविद्यालय के दृश्य कला विभागाध्यक्ष रजत पंडेल सहित आयोजक और कला जगत से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे। महोत्सव प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 10 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। 25 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन में कला, संस्कृति और विरासत के विविध रंग देखने को मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश