home page

गणेश चतुर्थी 14 को, घर-घर विराजेंगे गणपति बप्पा

 | 
गणेश चतुर्थी 14 को, घर-घर विराजेंगे गणपति बप्पा


जोधपुर, 12 सितम्बर (हि.स.)। गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। शहर में गणेशोत्सव 10 दिनों तक चलेगा और 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन इसका समापन होगा।

शहर में गणपति बप्पा के स्वागत की तैयारियां शुरू हो गई हैं। हर साल भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को गणेश चतुर्थी का पर्व मनाया जाता है। इस दिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर घर और पंडालों में उनकी प्रतिमा स्थापित की जाती है।

मान्यता है कि गणेशजी की पूजा करने से जीवन के विघ्न दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आगमन होता है। इस साल गणेश चतुर्थी को लेकर 13 और 14 सितंबर की तारीख को लेकर कुछ भ्रम है। पंचांग के अनुसार गणेश चतुर्थी का पर्व 14 सितंबर को मनाया जाएगा। इसी दिन गणपति की स्थापना और पूजा की जाएगी। चतुर्थी तिथि 14 सितंबर की सुबह शुरू होगी और अगले दिन 15 सितंबर की सुबह तक रहेगी। गणेश चतुर्थी के दिन घरों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार गणपति बप्पा को घर लाते हैं और विधि-विधान से पूजा करते हैं।

10 दिन तक चलेगा गणेशोत्सव

गणेश चतुर्थी के साथ ही दस दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत होगी। इस दौरान घरों और सार्वजनिक पंडालों में गणपति बप्पा की पूजा-अर्चना की जाएगी। सुबह और शाम आरती के साथ भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। गणेशोत्सव का समापन 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के दिन होगा। इस दिन बड़ी संख्या में भक्त गणपति की प्रतिमा का विसर्जन करेंगे। हालांकि अपनी परंपरा के अनुसार कई लोग इससे पहले भी गणपति का विसर्जन करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश