home page

गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री का संदेश, सत्य-अहिंसा और सादगी को जीवन में उतारने का आह्वान

 | 
गांधी-शास्त्री जयंती पर मुख्यमंत्री का संदेश, सत्य-अहिंसा और सादगी को जीवन में उतारने का आह्वान


जयपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया है।

उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, त्याग, सादगी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाकर ही समाज और देश को मजबूत बनाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा, त्याग और सत्याग्रह के माध्यम से देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। उनके विचार केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं रहे, बल्कि स्वच्छता, स्वदेशी, ग्राम स्वराज और आत्मनिर्भरता जैसे विचारों के माध्यम से उन्होंने सशक्त और स्वावलंबी भारत की नींव मजबूत की। गांधीजी का जीवन और उनके सिद्धांत आज भी पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की मिसाल रहा। कठिन परिस्थितियों में भी शास्त्री ने देश की एकता, अखंडता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका दिया ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र आज भी देश की सुरक्षा और विकास के लिए महत्वपूर्ण संदेश देता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से दोनों महान विभूतियों के आदर्शों और मूल्यों को अपने आचरण का हिस्सा बनाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित