शराब ठेकेदारों ने पुलिस कमिश्नर के खिलाफ खोला मोर्चा
जोधपुर, 08 जून (हि.स.)। पुलिस कमिश्नर शरत कविराज के कथित रवैये से परेशान होकर शराब ठेकेदारों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने आज जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा और कल से पुलिस कमिश्रर को अपनी-अपनी दुकानों की चाबी सौंपने की चेतावनी दी।
शराब ठेकेदारों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि जब से पुलिस कमिश्नर शरत कविराज जोधपुर में पदस्थापित हुए है तब से लगातार शराब ठेकेदारों को परेशान करने का कार्य कर रहे हैं। इसके लिए शराब ठेकेदार पुलिस कमिश्नर से भी मिले थे लेकिन वह और अधिक नाराज हो गए। उन्होंने प्रत्येक दुकान पर कमाण्ड सेंटर द्वारा सीसीटीवी कैमरा लगवाने की बात कही। शराब ठेकेदारों ने आरोप लगाया है कि पुलिस द्वारा की जा रही नाजायज कार्रवाई से शराब खरीदने वाले व्यक्ति की निजता का हनन होगा। इसलिए हम शराब ठेके चलाने में असमर्थ है और कल से हम सभी अनुज्ञाधारी दुकानें बंद करके दुकानों की चाबियां पुलिस कमिश्नर को सुपुर्द कर देंगे ताकि इनके द्वारा ही शराब ठेकों का संचालन किया जा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

