दोहरे ट्रैक कार्य के चलते चार ट्रेनें बदले मार्ग से चलेंगी
जोधपुर, 24 अप्रैल (हि.स.)। बीकानेर मंडल के चूरू-सादुलपुर रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य के चलते 25 से 27 अप्रैल के दौरान चार ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि दूधवा खारा, हडयाल, डोकवा और सादुलपुर स्टेशनों के बीच तकनीकी कार्य किया जा रहा है। इसके कारण इस अवधि में कुछ ट्रेनों के मार्ग में अस्थाई बदलाव किया गया है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 12324 बाड़मेर-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस 25 अप्रैल को बाड़मेर से प्रस्थान कर अपने निर्धारित मार्ग डेगाना-रतनगढ़-चूरू-रेवाड़ी के बजाय डेगाना-फुलेरा-रिंगस-रेवाड़ी मार्ग से संचालित होगी। इस दौरान ट्रेन मकराना, फुलेरा, रिंगस, नीम का थाना और नारनौल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 22482 दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस 25 से 27 अप्रैल तक अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-रतनगढ़-डेगाना के स्थान पर रेवाड़ी-रिंगस-फुलेरा-डेगाना मार्ग से चलेगी और नारनौल, नीम का थाना, रिंगस, फुलेरा व मकराना स्टेशन पर ठहरेगी।
वहीं ट्रेन संख्या 19027 बांद्रा टर्मिनस-जम्मू तवी एक्सप्रेस 25 अप्रैल को बांद्रा से प्रस्थान कर हिसार-रतनगढ़-डेगाना के स्थान पर डेगाना-रिंगस-रेवाड़ी-हिसार मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन मकराना, फुलेरा, रिंगस, नीम का थाना, नारनौल, रेवाड़ी और भिवानी स्टेशनों पर ठहरेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19028 जम्मू तवी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 27 अप्रैल को जम्मू तवी से प्रस्थान कर हिसार-रतनगढ़-डेगाना के स्थान पर हिसार-रेवाड़ी-रिंगस-डेगाना मार्ग से संचालित होगी।
यह ट्रेन भिवानी, रेवाड़ी, नारनौल, नीम का थाना, रिंगस, फुलेरा और मकराना स्टेशनों पर ठहराव करेगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि कार्य पूर्ण होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन चरणबद्ध तरीके से पुन: सामान्य कर दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

