डंपर-कार की भिड़ंत में चार की मौत
नागौर, 16 सितंबर (हि.स.)। डीडवाना-कुचामन जिले के नावां में बुधवार सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार डंपर और स्विफ्ट कार की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार पति-पत्नी, उनकी बेटी और कार चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद चारों शव कार में बुरी तरह फंस गए। पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शवों को कार से बाहर निकाला।
नावां थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि कार में लक्ष्मण सिंह (46), उनकी पत्नी तुलसी (45), बेटी शीतल (22) और चालक रामाकिशन (35) सवार थे। हादसे में चारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे शवों को निकालने का प्रयास शुरू किया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया। सभी शव नावां उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार परिवार मिठड़ी के पास पालड़ी गांव में किराए के मकान में रह रहा था। बुधवार सुबह घर लौटते समय उनकी स्विफ्ट कार को सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में जान गंवाने वाली तुलसी कासेड़ा (डीडवाना-कुचामन) उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के पद पर कार्यरत थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की।
थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि हादसे के बाद डंपर को जब्त कर थाने भिजवा दिया गया है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ और डंपर की रफ्तार कितनी थी, इसे लेकर पुलिस मौके से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

