home page

कार-पिकअप भिड़ंत में पति-पत्नी व बेटे सहित चार की मौत

 | 
कार-पिकअप भिड़ंत में पति-पत्नी व बेटे सहित चार की मौत


बाड़मेर, 14 अप्रैल (हि.स.)। बाड़मेर में मंगलवार दोपहर नेशनल हाईवे-68 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा हरसाणी फांटा के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

पुलिस के अनुसार कार में पति-पत्नी और उनके बेटे समेत चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद कार में शव बुरी तरह फंस गए, जिन्हें पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला।

एएसपी नितेश आर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही ग्रामीण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। शवों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। डीएसपी रमेश शर्मा ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि पिकअप वाहन में पेंट के डिब्बे और अन्य सामान भरा हुआ था तथा वह बाड़मेर से जैसलमेर की ओर जा रही थी। वहीं कार जैसलमेर से बाड़मेर की तरफ आ रही थी। तेज रफ्तार के कारण दोनों वाहनों में आमने-सामने टक्कर हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा हादसे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित