जाेधपुर में चार दिवसीय छठ पर्व का समापन उगते सूरज को दिया अघ्र्य
महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के साथ की पूजा-अर्चना
जोधपुर, 16 नवम्बर (हि.स.)। चार दिवसीय छठ महापर्व का सोमवार को उगते सूर्य को अघ्र्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हुआ। इस अवसर पर शहर के विभिन्न घाटों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूर्वांचल और बिहार समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पर्व मनाया। सूर्य को अघ्र्य देने के साथ ही व्रतियों ने 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत पूर्ण किया।
शहर के रातानाडा गणेश मंदिर स्थित जलाशय सहित विभिन्न कॉलोनियों में बनाए गए अस्थायी कुंडों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। व्रती महिलाएं और पुरुष घुटनों तक ठंडे पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते नजर आए। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्य की लालिमा दिखाई दी, व्रतियों ने बांस के सूप में सजाए मौसमी फल, गन्ना, नारियल और पारंपरिक प्रसाद ठेकुआ के साथ दूध और जल से सूर्य देव को अघ्र्य अर्पित किया। इस दौरान व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और संतान की दीर्घायु की कामना की।
घाटों पर महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठ गीत 'कांच ही बांस के बहंगिया... और उग हे सुरुज देव... से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे की मांग में सिंदूर भरकर अखंड सौभाग्य की कामना की और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद घाटों पर हवन-पूजन किया गया। व्रतियों ने अदरक, गुड़ और ठेकुआ ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया तथा उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

