home page

कपासन चौराहे से मानपुरा तक 64 करोड़ से बनेगा हाईलेवल ब्रिज, भूमि पूजन के साथ कार्य शुरू

 | 
कपासन चौराहे से मानपुरा तक 64 करोड़ से बनेगा हाईलेवल ब्रिज, भूमि पूजन के साथ कार्य शुरू


चित्तौड़गढ़, 21 मई (हि.स.)। शहर में कपासन चौराहे से मानपुरा को जोड़ने वाली सड़क पर 63.50 करोड़ की लागत से बनने वाले हाईलेवल ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। गुरुवार को विधायक चंद्रभान सिंह आक्या व भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया।

राजस्थान सरकार की और से बजट घोषणा 2024-25 में विधानसभा क्षेत्र चित्तौड़गढ़ के कपासन चौराहे से मानपुरा को जोड़ने वाली सड़क पर हाईलेवल ब्रिज निर्माण की घोषणा की गई थी। इसके लिए 63.50 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है।इस अवसर पर विधायक चंद्रभानसिंह आक्या ने कहा कि कपासन चौराहा शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है। यहां से बस्सी मार्ग पर जाने वाले वाहनों को शहर का पूरा चक्कर लगाना पड़ता है। इससे समय अधिक लगता है और शहर में ट्रैफिक का भार भी बढ़ता है। क्षेत्रवासी लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को अवगत कराने पर बजट में घोषणा की गई। नए पुल से वाहन चालकों को पांच किलोमीटर का चक्कर कम पड़ेगा और पेट्रोल की भी बचत होगी।

दो नदियों पर बनेंगे पुल

सार्वजनिक निर्माण विभाग चित्तौड़गढ़ के अधिशासी अभियंता नवीन अग्रवाल ने बताया कि इस परियोजना के तहत बेड़च व गंभीरी नदी पर दो हाईलेवल ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 2.50 किलोमीटर सड़क भी बनाई जाएगी। धारा 19 के तहत भूमि अधिग्रहण का कार्य अंतिम चरण में है। भूमि पूजन कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, पूर्व यूआईटी चेयरमैन सुरेशचंद्र झंवर, पूर्व नगर परिषद सभापति सुशील शर्मा, पूर्व प्रधान प्रवीणसिंह राठौड़, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी, कर्नलसिंह राठौड़, भरत जागेटिया, रोहिताश्व जाट, पीडब्ल्यूडी सहायक अभियंता दुर्गा धाकड़, कनिष्ठ अभियंता शिवम साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल