राजस्थान बनेगा देश का अगला बड़ा इवेंट हब : हितेंद्र शर्मा
जयपुर, 16 मई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स (फोरम) की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आमेर रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया गया। समारोह में पूर्व अध्यक्ष मोहित माहेश्वरी ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष हितेंद्र शर्मा को कार्यभार सौंपा।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व मोहन भट्ट रहे। उनके साथ सुप्रसिद्ध संगीतकार सलिल भट्ट भी मौजूद रहे। इस अवसर पर विश्व मोहन भट्ट ने कहा कि इवेंट इंडस्ट्री अब केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह कला, संस्कृति, पर्यटन और लोगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम बन चुकी है।
नई कार्यकारिणी में अजय चौहान और विनीत जैन ने उपाध्यक्ष, भुवनेश अग्रवाल ने महासचिव, कुलदीप सिंह ने कोषाध्यक्ष तथा सुनील विजयवर्गीय, यश माहेश्वरी, रोहित अजमेरा और अक्षत पुरोहित ने कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शपथ ली।
समारोह में पूर्व अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, हरप्रीत बग्गा और इवेंट गुरु अरशद हुसैन सहित इवेंट, होटल, ट्रैवल और वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े कई लोग मौजूद रहे। इस दौरान इंटरनेशनल वेडिंग एंड टूरिज्म कॉन्क्लेव एवं ‘इवेंटस्थान’ के आयोजन की भी घोषणा की गई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष हितेंद्र शर्मा ने कहा कि फोरम राजस्थान की इवेंट इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में वेडिंग डेकोर, कैटरिंग, लोक कलाकारों और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अपार संभावनाएं हैं, लेकिन बड़े और लग्जरी आयोजनों में अभी भी दिल्ली और मुंबई की कंपनियों का दबदबा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि फोरम का उद्देश्य स्थानीय इवेंट प्रोफेशनल्स को बेहतर मंच और नए अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि राजस्थान आने वाले वर्षों में केवल रॉयल वेडिंग डेस्टिनेशन ही नहीं, बल्कि देश का प्रमुख इवेंट हब बन सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

