नौतपा की गर्मी में तैयार हो रहे हरियालो राजस्थान के लिए पौध, इस साल 32 लाख का लक्ष्य
चित्तौड़गढ़, 28 मई (हि.स.)। जिले में गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी 'हरियालो राजस्थान' अभियान की शुरुआत आगामी 5 जून से की जाएगी। वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले की विभिन्न नर्सरियों में करीब 12 लाख 95 हजार नए पौधे तैयार किए जा रहे हैं। पिछले वित्तीय वर्ष के शेष पौधों को मिलाकर कुल लगभग 14 लाख पौधे वितरण के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं वन विभाग की नर्सरियों में नौतपा की गर्मी में पौध तैयार किए जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारियों का मानना है कि नौतपा की गर्मी में लगातार पौधों को पानी देने से उनकी लम्बाई नहीं बढ़ती लेकिन उनका तना मजबूत होता है।
उप वन संरक्षक राहुल झांझडिया ने बताया कि नौतपा के दौरान पड़ने वाली भीषण गर्मी पौधों के लिए फायदेमंद है। यह समय नए पौधों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है। पानी की कमी और कठिन परिस्थितियां पौधों को मजबूत बनाती हैं। लगातार अनुकूल परिस्थितियों में तैयार पौधे बाहर का मौसम सहन नहीं कर पाते, जबकि नौतपा की गर्मी में तप कर पौधे अधिक मजबूत बनते हैं। इस दौरान पौधों की ऊंचाई नहीं बढ़ती लेकिन तने मजबूत होते हैं।
32 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
उपवन संरक्षक राहुल झांझडिया ने बताया कि इस वर्ष जिले में लगभग 32 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक जिला कलेक्टर डॉ. मंजू की अध्यक्षता में हो चुकी है। सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। सबसे अधिक पौधारोपण का लक्ष्य जिला परिषद, वन विभाग और शिक्षा विभाग को दिया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आमजन, विभागों, संस्थाओं और उद्योगों को पौधों का वितरण किया जाएगा। वन विभाग ने पोर्टल पर सूचनाएं अपलोड कर दी हैं। 5 जून के बाद ऑनलाइन बुकिंग कर पौधे प्राप्त किए जा सकेंगे। ऑनलाइन भुगतान के बाद रसीद नर्सरी में दिखा कर पौधे ले सकेंगे।
पिछले साल 105% लक्ष्य हासिल
उपवन संरक्षक ने बताया कि पिछले वर्ष जिले को लगभग 24 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था। इसके मुकाबले करीब 25 लाख पौधे लगाए गए और 105 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया। इसी बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए इस वर्ष लक्ष्य बढ़ा कर 32 लाख कर दिया गया है। जिला परिषद ने भी ग्राम पंचायत स्तर पर नर्सरियां तैयार की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

