home page

रामनिवास बाग में विकसित होगी 15 फ़ूड ट्रक वाली अनूठी चौपाटी

 | 
रामनिवास बाग में विकसित होगी 15 फ़ूड ट्रक वाली अनूठी चौपाटी


जयपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। जयपुर को आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में जयपुर विकास प्राधिकरण ने काम शुरू कर दिशा है। जेडीए द्वारा रामनिवास बाग में एक नवीन एवं आकर्षक चौपाटी विकसित की जा रही है। यहां जयपुरवासियों के लिए मनोरंजन, खान-पान, अवकाश एवं पारिवारिक गतिविधियों का एक नया केंद्र उपलब्ध होगा।

जेडीसी सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि रामनिवास बाग में प्रस्तावित चौपाटी को आज की युवा पीढ़ी की आवश्यकताओं एवं पसंद को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जा रहा है। परियोजना की अनुमानित लागत 637.50 लाख रुपये है। चौपाटी में दोनों ओर कुल 15 फूड ट्रक की व्यवस्था प्रस्तावित है, जिससे नागरिकों को विभिन्न प्रकार के खान-पान की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने बताया कि चौपाटी परिसर के चारों ओर पैदल भ्रमण के लिए ट्रैक विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही लैंडस्केपिंग, ओपन गार्डन, बच्चों के लिए प्ले एरिया तथा ओपन एम्फीथिएटर/थिएटर जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना में एंट्री प्लाजा, सिटिंग एरिया, पाथवे, टॉयलेट एवं पेयजल सुविधाओं के साथ बाहरी सर्विस पाथवे का भी प्रावधान किया गया है।

महाजन ने बताया कि रामनिवास बाग की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए चौपाटी को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि यहां आने वाले नागरिकों को हरित वातावरण के बीच परिवार एवं मित्रों के साथ समय बिताने, पैदल भ्रमण, बच्चों के मनोरंजन तथा खान-पान की सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकें। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट राजस्थान में अपनी तरह की एक नवीन अवधारणा पर विकसित होगा, जो जयपुर के नागरिकों एवं शहर में आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा।

परियोजना के अंतर्गत लगभग 1804 वर्गमीटर का पाथवे, 1200 वर्गमीटर का ओपन गार्डन, 600 वर्गमीटर का चिल्ड्रन प्ले एरिया तथा 200 वर्गमीटर का ओपन एम्फीथिएटर प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त लगभग 662 वर्गमीटर क्षेत्र में एंट्री प्लाजा एवं सिटिंग एरिया तथा लगभग 140 वर्गमीटर क्षेत्र में फूड ट्रक जोन का प्रावधान किया गया है।

जेडीसी ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य रामनिवास बाग क्षेत्र में नागरिकों के लिए एक सुव्यवस्थित, स्वच्छ एवं आकर्षक सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना है, जहां मनोरंजन के साथ-साथ बेहतर नागरिक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जा सकें। चौपाटी के विकसित होने से क्षेत्र में नागरिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलने के साथ जयपुर के शहरी पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश