रक्षाबंधन से पहले फागी-रेनवाल मांजी में खाद्य सुरक्षा टीम ने कराई 125 किलो दूषित मावा-मिठाइयां नष्ट
जयपुर, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत जयपुर द्वितीय की खाद्य सुरक्षा टीम ने बुधवार को फागी, रेनवाल मांजी और मदरामपुरा क्षेत्र में कार्रवाई की। टीम ने करीब आधा दर्जन मिठाई निर्माताओं, मावा निर्माताओं और रिटेलर्स के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लिए। वहीं, फागी और रेनवाल मांजी स्थित मिठाई निर्माताओं के यहां मिले 125 किलो दूषित मावा-मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर रक्षाबंधन को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मावा, मावा मिठाइयां, मिल्क केक, लड्डू, बर्फी, रसगुल्ले, खाद्य तेल और मसालों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया है।
फागी और रेनवाल मांजी में मिठाई निर्माताओं के कारखानों के निरीक्षण के दौरान टीम को 125 किलो दूषित मावा-मिठाइयां मिलीं। खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर इन्हें मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। फूड लैब से रिपोर्ट विपरीत आने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने त्योहारी सीजन में खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार थारवान और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे। त्योहारी सीजन में मिलावटी और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

