home page

त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने

 | 
त्योहारों पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों से नमूने


जयपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। त्योहारों के सीजन में मिलावट पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने जयपुर प्रथम में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नमूने लिए। कार्रवाई आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश और अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत के मार्गदर्शन में की गई।

अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि निरीक्षण के दौरान बीटी फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड में फर्श पर गजक का निर्माण होता मिला। परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियां पाई गईं। खाद्य पदार्थ बनाने वाले कर्मचारियों के चिकित्सा प्रमाण-पत्र और कीट नियंत्रण संबंधी रिपोर्ट भी मौके पर उपलब्ध नहीं थी। इस पर प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी किया गया।

अभियान के तहत टोंक रोड स्थित त्यागी पनीर उद्योग से मावा और पनीर, रोहिल्ला फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से समोसा और चूरमा, सहकार मार्ग स्थित केसर स्वीट्स से केसर बर्फी तथा श्री बालाजी दूध भंडार से पनीर और दूध के नमूने लिए गए। वहीं, महेश नगर स्थित जोधपुर मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना लिया गया। सभी नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।

खाद्य सुरक्षा टीम ने प्रतिष्ठान संचालकों को निर्माण, भंडारण और विक्रय के दौरान स्वच्छता मानकों की पालना करने तथा खाद्य सामग्री तैयार करने वाले कर्मचारियों का चिकित्सा परीक्षण करवाने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट रोकने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश