home page

दीपावली से पहले जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट करवाया 520 किलो पनीर

 | 
दीपावली से पहले जयपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने नष्ट करवाया 520 किलो पनीर


जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दीपावली पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर में जांच अभियान तेज कर दिया है। ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत विभाग की विभिन्न टीमों ने डेयरी, मिठाई, नमकीन, ब्रेड और ड्राई फ्रूट्स से जुड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान हरियाणा डेयरी के प्रतिष्ठानों और गोदाम से जुड़े निरीक्षण में 520 किलो पनीर मौके पर नष्ट करवाया गया, जबकि पनीर के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। अन्य प्रतिष्ठानों से भी विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए गए हैं।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के मार्गदर्शन में चल रहे अभियान के तहत केंद्रीय दल तथा जयपुर प्रथम और जयपुर द्वितीय की टीमों ने शहर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में कार्रवाई की। विभाग के अनुसार, नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

केंद्रीय दल ने राजापार्क स्थित हरियाणा डेयरी के दो प्रतिष्ठानों और विवेकानंद कॉलोनी स्थित गोदाम का निरीक्षण किया। इस दौरान 520 किलो पनीर नष्ट करवाया गया और पनीर के दो नमूने लिए गए। गोदाम में खाद्य लाइसेंस नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

पनीर की आपूर्ति से संबंधित बिलों और दस्तावेजों की जांच भी की जाएगी। विभाग के अनुसार, आपूर्ति संबंधी जानकारी में ग्रैंड उनियारा होटल, नीरोस रेस्टोरेंट, लेमन ट्री प्रीमियर बनीपार्क, कीलाइट होटल बाय लेमन ट्री, बुरडेरा होटल, जयपुरे मालवीय नगर, लॉर्ड्स इन जयपुर, द फर्न रेजिडेंसी राजापार्क, क्लार्क्स कलेक्शन एस्टर, श्री भोग, ला पिनोज पिज्जा, श्री माया, ढाबा डिलाइट और यू एंड मी सोया चाप सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों के नाम सामने आए हैं। इन नामों का उल्लेख आपूर्ति संबंधी जानकारी के संदर्भ में किया गया है; इससे संबंधित प्रतिष्ठानों में मिलावट की पुष्टि नहीं होती।

विभाग के अनुसार, इससे पहले ‘मलाईको’ ब्रांड के पनीर का नमूना लेमन ट्री होटल से और ‘मक्खन’ ब्रांड के पनीर का नमूना गीतांजलि अस्पताल की कैंटीन से लिया गया था।

प्रयोगशाला जांच में दोनों नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए थे।

जयपुर द्वितीय की टीम ने बस्सी के हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित त्रिशूल एंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की कमी मिली। खाद्य कर्मचारियों द्वारा कैप और एप्रन का उपयोग नहीं किया जा रहा था। कर्मचारियों की चिकित्सकीय जांच तथा इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच से संबंधित कमियां भी सामने आईं। मौके से मिश्री का नमूना लिया गया और कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। प्रतिष्ठान को सुधार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की जाएगी।

इसके अलावा बस्सी स्थित रामेश्वर बूरा उद्योग से मिश्री, सीतापुरा औद्योगिक क्षेत्र स्थित तुलसी फूड्स प्राइवेट लिमिटेड से व्हाइट ब्रेड और बॉम्बे पाव ब्रेड तथा हीरावाला औद्योगिक क्षेत्र स्थित के.सी. एंड ब्रदर्स से नमकीन भुजिया और रिफाइंड पामोलीन तेल के नमूने लिए गए।

जयपुर प्रथम की टीम ने झोटवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित रॉ लॉ ड्राई फ्रूट्स का निरीक्षण किया। यहां पाई गई कमियों को दूर करने के लिए सुधार नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान से डिहाइड्रेटेड ड्राई फ्रूट्स, नारियल पाउडर, बादाम और पिस्ता के नमूने लिए गए।

वहीं, वैशाली नगर स्थित बालाजी दूध पनीर भंडार से दूध, मिल्क केक और पनीर तथा मोती डूंगरी रोड स्थित बालाजी मिष्ठान भंडार से मावा मिठाई का नमूना जांच के लिए लिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को निर्माण और भंडारण स्थलों पर साफ-सफाई रखने, कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस सुनिश्चित करने, सुरक्षित पानी का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने के निर्देश दिए हैं।

साथ ही वैध खाद्य लाइसेंस रखने और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने के लिए कहा गया है।

विभाग के अनुसार, सभी नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई होगी। दीपावली तक मिलावट पर रोक लगाने और आमजन को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण और नमूने लेने का अभियान जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित