home page

जैसलमेर में त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय

 | 
जैसलमेर में त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय


जैसलमेर में त्योहारी सीजन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग सक्रिय


जैसलमेर, 22 अगस्त (हि.स.)।जैसलमेर में आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में संभावित मिलावट की रोकथाम के लिए जारी निर्देशों की पालना में तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जैसलमेर डॉ. मुरलीधर सोनी के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जिले में विशेष निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जैसलमेर शहर में विभिन्न मिठाई की दुकानों, होटल एवं रेस्टोरेंट प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए गुलाब जामुन, घोटवा मिठाई, पेड़ा, पनीर, मावा एवं खाद्य तेल के कुल 6 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच हेतु खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी

निरीक्षण के दौरान जोधपुर स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट तथा होटल जैसलगढ़ में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता से संबंधित कमियां पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों को सुधार सूचना जारी कर निर्धारित समयावधि में कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।खाद्य सुरक्षा अधिकारी किशनाराम कड़वासरा ने बताया कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, पेयजल की जांच रिपोर्ट, नियमित पेस्ट कंट्रोल, खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण तथा एफएसएसएआई के खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कड़वासरा ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिठाइयों, मावा, पनीर, दूध एवं दुग्ध उत्पादों, खाद्य तेल तथा अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। मिलावट एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण अथवा विक्रय के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आमजन से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण एवं उपयोग की तिथि तथा एफएसएसएआई लाइसेंस/पंजीकरण संबंधी जानकारी अवश्य देखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्रशेखर