राजस्थान की लोक कथाओं में लोकमंगल, प्रकृति संरक्षण और करुणा के भाव : डॉ. अन्नाराम शर्मा
जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय साहित्य परिषद जयपुर की ओर से सोमवार को राजस्थान विश्वविद्यालय के राजस्थान अध्ययन केंद्र में प्राक लोकमंथन के तहत लोककथा प्रस्तुति प्रतियोगिता और 'राजस्थान की लोककथा में लोकमंगल' विषय पर वैचारिक मंथन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में परिषद के राष्ट्रीय लोक साहित्य संयोजक डॉ. अन्नाराम शर्मा ने मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि साहित्यकार का सामर्थ्य कालजयी होता है। शास्त्र की बात की तुलना में लोक की बात अधिक सर्वमान्य और लोकप्रिय होती है। राजस्थान की लोक कथाओं में अन्याय के प्रतिकार, पर्यावरण एवं प्रकृति संरक्षण के लिए बलिदान तथा जीव मात्र के प्रति करुणा और दया के भाव अभिव्यक्त होते हैं। उन्होंने टमरक टूं और झंडिया बालक की लोक कथाएं राजस्थानी भाषा में सुनाकर व्याख्यान को रोचक बनाया।
परिषद के प्रदेश संयुक्त महामंत्री डॉ. ओमप्रकाश भार्गव ने बीज वक्तव्य में कहा कि राजस्थान की लोक कथाओं में केवल मनोरंजन और अतीत की स्मृतियां ही नहीं हैं, बल्कि इनमें सेवा, समर्पण और त्याग की गाथाओं के साथ भारतीय संस्कृति के जीवन मूल्य, संस्कार और माटी की नैसर्गिक सुगंध भी समाहित है।
राजस्थान अध्ययन केंद्र की निदेशक डॉ. दीपिका विजयवर्गीय ने स्वागत वक्तव्य दिया। इस अवसर पर आयोजित लोककथा प्रस्तुति प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में निकिता शेखावत ने प्रथम, हेमेंद्र सिंह ने द्वितीय और तिमनपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन परिषद के जयपुर जिले के लोक साहित्य प्रमुख डॉ. रेवंत दान ने किया। सरस्वती वंदना डॉ. नमिता चौहान ने तथा परिषद गीत लाक्षिकी चौधरी ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर परिषद के जयपुर संभाग सह संयोजक डॉ. रमाकांत शर्मा, जयपुर इकाई के प्रचार प्रमुख मुरारी गुप्ता, युवा पाठक प्रमुख मधुसूदन सिंह देवल सहित कई साहित्यकार, शिक्षाविद् और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि जयपुर के जवाहर कला केंद्र में 4 से 6 दिसंबर तक राष्ट्रीय स्तर का लोकमंथन-2026 आयोजित होगा। इसमें देश-विदेश के विशेषज्ञ, लोक कलाकार, साहित्यकार, विचारक और विभिन्न क्षेत्रों के मनीषी भाग लेंगे। इसी आयोजन की पूर्वपीठिका के रूप में देशभर में प्राक लोकमंथन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत राजस्थान के सभी जिलों में लोक दर्शन यात्रा भी निकाली गई थी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारीक

