home page

हरियालो राजस्थान अभियान में पौधों की संख्या के साथ सर्वाइवल पर भी दें जोर : प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा

 | 
हरियालो राजस्थान अभियान में पौधों की संख्या के साथ सर्वाइवल पर भी दें जोर : प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा


बीकानेर, 03 सितंबर (हि.स.)। पीएचईडी के प्रमुख शासन सचिव व बीकानेर जिला प्रभारी सचिव हेमंत कुमार गेरा ने गुरुवार को हरियालो राजस्थान अभियान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान को गति देने के लिए पूरे जिले में स्पेशल ड्राइव चलाएं। उन्होंने कहा कि हरियालो राजस्थान अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों का सर्वाइवल सुनिश्चित करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

जिला प्रभारी सचिव ने कहा कि अब तक लगाए जा चुके पौधों की वर्षा से पहले समुचित संभाल की जाए तथा उनकी शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को सुझाव दिया कि हरियालो राजस्थान एप में सामाजिक संगठनों के लिए भी एक अलग ऑप्शन उपलब्ध करवाया जाए, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित पौधारोपण सामाजिक संगठनों के सहयोग से किया गया है।

जिला प्रभारी सचिव हेमंत कुमार गेरा ने निर्देश दिए कि सभी विभाग पौधों की खरीद वन विभाग से ही करें। संबंधित विभाग वन विभाग को पौधों की डिमांड, आवश्यक साइज तथा कितने समय में पौधे चाहिए, इसकी जानकारी उपलब्ध करवाएं। यदि वन विभाग द्वारा पौधों की उपलब्धता नहीं होने की सूचना दी जाती है, तभी अन्य स्थानों से पौधे खरीदे जाएं।

जिला कलेक्टर निशांत जैन ने समीक्षा के दौरान ही सभी एसडीएम, बीडीओ एवं संबंधित जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पौधों की खरीद के लिए वन विभाग को प्राथमिकता दी जाए।

इससे पूर्व डीएफओ जी. वैंकटेश ने हरियालो राजस्थान अभियान की प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले को अभियान के तहत करीब 43.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है, जिसके विरुद्ध करीब 26.25 लाख पौधों की जियो टैगिंग हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पौधारोपण एवं जियो टैगिंग की प्रगति के आधार पर बीकानेर जिला पूरे राजस्थान में 11वें स्थान पर है।

वैंकटेश ने विभागवार प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि वन विभाग को सर्वाधिक करीब 19 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध करीब 13 लाख पौधे लगाकर उनकी जियो टैगिंग की जा चुकी है।जिला प्रभारी सचिव ने कम प्रगति वाले विभागों को आगामी 15 दिनों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए।

कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक मदन लाल ने बताया कि विभाग को 24 हजार 500 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला था, जिसके विरुद्ध विभाग द्वारा लक्ष्य से अधिक 25 हजार 800 पौधे लगाकर उनकी जियो टैगिंग करवाई जा चुकी है॥ इसी प्रकार आरएसआरडीसी ने 5 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध 5 हजार 553 पौधे, जबकि रीको ने 1 हजार पौधे लगाने के लक्ष्य के विरुद्ध 1 हजार 47 पौधे लगाकर उनकी जियो टैगिंग करवाई है।

बैठक में मुख्य वन संरक्षक जयपुर आर.के. खैरवा, बीडीओ कमिश्नर स्नेहल नाना, सीईओ जिला परिषद शैलजा पांडे, आईएएस स्वाति शर्मा समेत सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं वन विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। वहीं वीसी के माध्यम से सभी ब्लॉक के संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव