जोधपुर एयरपोर्ट पर सुबह 9 से 1 बजे तक बंद रहेंगी उड़ानें
जोधपुर, 28 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय वायुसेना के बहुचर्चित तरंग शक्ति युद्धाभ्यास के चलते जोधपुर एयरपोर्ट पर सिविल उड़ानों (यात्री उड़ानों) की आवाजाही को आंशिक रूप से रोक दिया गया है। इसके कारण रोजाना सुबह 9 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक (लगातार चार घंटे) कोई भी सिविल फ्लाइट न तो जोधपुर में लैंड करेगी और न ही यहां से उड़ान भरेगी।
दरअसल, जोधपुर में भारतीय वायुसेना का एक बहुत बड़ा युद्धाभ्यास तरंग शक्ति चल रहा है। इस युद्धाभ्यास के दौरान सुबह के समय जोधपुर के एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) का इस्तेमाल विशेष रूप से केवल सैन्य गतिविधियों और लड़ाकू विमानों की उड़ानों के लिए किया जाएगा। सुरक्षा और सैन्य संचालन की सुगमता को ध्यान में रखते हुए ही सिविल उड़ानों के लिए इस निर्धारित समय (सुबह 9 से 1 बजे) में एयरस्पेस प्रतिबंध (नोटम) लागू किया गया है। प्रशासन के अनुसार, यह नोटम फिलहाल 6 अक्टूबर तक प्रभावी रहेगा।
इन एयरलाइंस ने बदला उड़ानों का समय
एयरस्पेस में 4 घंटे की पाबंदी के कारण एयरलाइंस कंपनियों को उड़ानों को रद्द करने की नौबत से बचने के लिए अपने शेड्यूल में बड़े बदलाव करने पड़े हैं। विशेषकर दोपहर के स्लॉट में आने-जाने वाली उड़ानों को अब सुबह के समय (9 बजे से पहले) या दोपहर 1 बजे के बाद शिफ्ट किया गया है। प्रमुख विमानन कंपनियों जैसे इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपनी कई उड़ानों का संशोधित समय जारी कर दिया है।
शेड्यूल में हुए बदलावों के तहत सबसे ज्यादा असर दिल्ली और बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइट्स पर पड़ा है। दिल्ली से जोधपुर आने वाली इंडिगो की जो उड़ान पहले दोपहर 11.35 बजे यहां लैंड करती थी, वह अब 3 घंटे से ज्यादा पहले यानी सुबह 8.15 बजे ही जोधपुर पहुंच जाएगी। इसी तरह, बेंगलुरु से आने वाली उड़ान अब अपने पुराने समय के बजाय सुबह 7.50 बजे ही जोधपुर एयरपोर्ट पर पहुंच जाएगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई से जोधपुर आने वाली उड़ान पर भी असर पड़ा है। यह फ्लाइट अब प्रतिबंध हटने के बाद दोपहर 12.55 बजे जोधपुर लैंड करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

