home page

‘सपनों की उड़ान’ से विशेष योग्यजनों को मिला हौसले का संदेश, सरकार ने खातों में भेजे 75 करोड़ से अधिक

 | 
‘सपनों की उड़ान’ से विशेष योग्यजनों को मिला हौसले का संदेश, सरकार ने खातों में भेजे 75 करोड़ से अधिक


‘सपनों की उड़ान’ से विशेष योग्यजनों को मिला हौसले का संदेश, सरकार ने खातों में भेजे 75 करोड़ से अधिक


जयपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। शारीरिक सीमाएं हौसलों की उड़ान नहीं रोक सकतीं और दृढ़ संकल्प के सामने कोई लक्ष्य असंभव नहीं है। इसी प्रेरणादायी संदेश के साथ जयपुर में शनिवार को ‘सपनों की उड़ान-असंभव कुछ भी नहीं’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विशेष योग्यजन युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ऐसा राजस्थान बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां प्रत्येक विशेष योग्यजन को सम्मान, स्वावलंबन और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार उनके सपनों को साकार करने में सारथी की भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत साढ़े पांच लाख से अधिक विशेष योग्यजन लाभार्थियों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 75 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। साथ ही विशेष योग्यजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए और खेल जगत में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों तथा विशेष योग्यजनों के सशक्तीकरण में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र से प्रेरित होकर राज्य सरकार विशेष योग्यजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। प्रदेश में समान अवसर नीति-2025 लागू की गई है तथा 2 लाख 71 हजार यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि विशेष योग्यजनों सहित विभिन्न श्रेणियों के 7 हजार लोगों को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराया गया है। विशेष योग्यजनों के आवासीय संस्थानों में भोजन भत्ते की राशि बढ़ाकर 3,250 रुपये प्रतिमाह की गई है। वहीं, करीब साढ़े पांच लाख विशेष योग्यजनों को 1,350 रुपये मासिक सामाजिक सुरक्षा पेंशन दी जा रही है। पिछले वर्ष 2,500 स्कूटी और पिछले दो वर्षों में 44 हजार सहायक अंग एवं उपकरण वितरित किए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पैरालंपिक पदक विजेता निशानेबाज मोना अग्रवाल, सृष्टि अरोड़ा और कृष्णा नागर को खेल जगत में प्रदेश का गौरव बढ़ाने के लिए सम्मानित किया। विशेष योग्यजनों के सशक्तिकरण में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्म भूषण से सम्मानित डीआर मेहता का भी सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री ने वन विभाग में नियुक्त पैरा खिलाड़ियों के स्थायीकरण के संबंध में आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन भी दिया।

कार्यक्रम में दृष्टिबाधित प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी मनु गर्ग ने प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी में आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत के महत्व को साझा किया। वहीं, मोना अग्रवाल ने अपने संघर्ष और सफलता के अनुभव बताए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश की सबसे बड़ी पूंजी है। राज्य सरकार ने युवाओं के लिए नई युवा नीति और नई रोजगार नीति लागू की है। उनके अनुसार, प्रदेश में एक लाख 93 हजार सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि एक लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा 70 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि निजी क्षेत्र में 5 लाख युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं और 3 लाख 70 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

मुख्यमंत्री युवा संबल योजना के तहत 4 लाख लाभार्थियों को 1,643 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। प्रदेश में 5 हजार से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हुए हैं तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए गए हैं। 41 जिला मुख्यालयों पर ‘एक जिला, एक खेल योजना’ के तहत खेल अकादमियां संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान के विशेष योग्यजन खिलाड़ियों ने पैरा एशियन गेम्स में प्रदेश का नाम रोशन किया है। कई विशेष योग्यजन युवाओं ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रशासनिक सेवाओं में भी मुकाम हासिल किया है। ऐसे उदाहरण समाज को बताते हैं कि इच्छाशक्ति, उचित अवसर और निरंतर प्रयास से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।

उन्होंने विशेष योग्यजन युवाओं से अपने सपनों को ऊंची उड़ान देने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, जब युवाओं को सामर्थ्य, स्वाभिमान, स्वावलंबन और आवश्यक संसाधन मिलते हैं, तो उनके लिए सफलता के रास्ते खुलते हैं। कार्यक्रम में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, युवा मामले एवं खेल विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव दिनेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग जिलों के विशेष योग्यजन युवा भी कार्यक्रम से जुड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित