home page

फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 100 वां संस्करण में राजस्थान के 41 जिलों में होगी रैलियां

 | 
फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 100 वां संस्करण में राजस्थान के 41 जिलों में होगी रैलियां


जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (माय भारत), राजस्थान और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त प्रयासों से रविवार को ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन किया जाएगा। इसे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 11वें सप्ताह से जोड़ा गया है। इसके तहत जयपुर सहित राजस्थान के 41 जिलों में साइकिल रैलियां आयोजित होंगी।

माय भारत राजस्थान के राज्य निदेशक देवेंद्र व्यास और साई की सहायक निदेशक साहिला सैमसन ने बताया कि देशभर के 700 चिन्हित स्थानों पर होने वाले इस आयोजन में राजस्थान के प्रत्येक स्थल पर कम से कम 200 युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। इनमें माय भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक, युवा क्लब, खेलो इंडिया केंद्र और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी शामिल होंगे। साई के चिन्हित केंद्रों पर भी विशेष आयोजन होंगे।

नशामुक्ति अभियान के तहत प्रदेश के 37 जिलों में प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। साथ ही प्रत्येक आयोजन स्थल पर सिग्नेचर वॉल स्थापित की जाएगी, जहां युवा, खिलाड़ी और जनप्रतिनिधि नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए हस्ताक्षर करेंगे।

इच्छुक युवा और नागरिक फिट इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट तथा माय भारत पोर्टल के सूक्ष्म आयोजनों के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण करा सकते हैं। सोशल मीडिया पर अभियान के लिए #IndiaReady4Olympics और #NashaMuktYuva हैशटैग का उपयोग किया जा रहा है।

आयोजकों ने युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों, सोशल मीडिया प्रभावकों और आम नागरिकों से रविवार सुबह अपने नजदीकी आयोजन स्थल पर पहुंचकर अभियान में भाग लेने की अपील की है। प्रेस वार्ता में उपनिदेशक सूचना एवं जनसंपर्क हेमंत सिंह और माय भारत के सहायक निदेशक शरद त्रिपाठी सहित अन्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश