पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में लगी भीषण आग से मचा हड़कंप, एक घंटे बंद रहे नोजल
चित्तौड़गढ़, 26 मई (हि.स.)। नौतपा की शुरुआत के साथ भीषण गर्मी का असर अब आगजनी की घटनाओं के रूप में सामने आने लगा है। शहर के मध्य मंगलवार दोपहर रेलवे फाटक के समीप एक पेट्रोल पंप के पास सूखी झाड़ियों में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैली, जिससे निकट स्थित पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। यहां कर्मचारी इधर, उधर भागते नजर आए तथा पेट्रोल पंप के सभी नोजल बंद कर वाहनों में पेट्रोलियम पदार्थ भरना बंद कर दिया। यह स्थित करीब एक घंटे तक बनी रही। बाद में दो दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रहा कि पेट्रोल पंप चपेट में नहीं आया वरना शहर के मध्य बड़ा हादसा हो सकता था।
दमकल कर्मचारी तौफीक रजा ने बताया कि मंगलवार दोपहर में उन्हें कुम्भानगर फाटक के पास स्थित पेट्रोल पम्प के यहां आग लगने की सूचना मिली थी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल कर पेट्रोल पंप के केबल तक पहुंच गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तुरंत अग्निशमन यंत्र से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन काबू नहीं पाया जा सका। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन पेट्रोल पंप को करीब एक घंटे तक बंद रखा गया और नोजल से तेल देना रोक दिया गया। वहीं आग की सूचना पर गांधीनगर तथा नगर परिषद फायर स्टेशन की दो दमकल मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद आस-पास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।जहां आग लगी उसी के पास काफी संख्या में पुराने टायर भी पड़े थे। गनीमत रही कि आग वहां तक नहीं पहुंची, अन्यथा स्थिति और गंभीर हो सकती थी तथा बड़ा हादसा होने की आशंका थी। इधर, नौतपा के दौरान बढ़ती गर्मी और सूखी झाड़ियों के कारण आग लगने की घटनाओं में वृद्धि देखी जा रही है। ऐसे में प्रशासन ने आमजन से सतर्कता बरतने की अपील की है।
आग देख खाली लौटते रहे वाहन चालक
कुंभानगर रेलवे फाटक के निकट स्थित पंप शहर का प्रमुख पेट्रोल पंप है। ऐसे में यहां रात के समय भी वाहनों की भारी भीड़ देखी जाती है। वहीं मंगलवार दोपहर आग लगने की स्थिति में सभी नोजल बंद कर दिए थे। वाहन चालक चालक अपने वाहनों में पेट्रोल एवं डीजल भरवाने के लिए आते रहे लेकिन आग और बंद पेट्रोल पंप देख कर फिर खाली लौट गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

