home page

एमएनआईटी से पचास युवा ‘युवा संगम’ के तहत होंगे धारवाड़ रवाना

 | 
एमएनआईटी से पचास युवा ‘युवा संगम’ के तहत होंगे धारवाड़ रवाना


जयपुर, 06 मई (हि.स.)। मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) जयपुर द्वारा ‘युवा संगम’ चरण-6 के तहत राजस्थान से चयनित 50 युवा प्रतिनिधियों का दल धारवाड़ (कर्नाटक) के लिए रवाना किया जाएगा। इसके लिए संस्थान में ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित कर प्रतिनिधिमंडल को फ्लैग ऑफ किया जाएगा। यह प्रतिनिधिमंडल 8 से 15 मई 2026 तक भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) धारवाड़ में एक सप्ताह की शैक्षिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान यात्रा में भाग लेगा।

एमएनआईटी संस्थान के निदेशक प्रो. एन.पी. पाढ़ी ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार की ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विभिन्न राज्यों के युवाओं के बीच सांस्कृतिक, शैक्षिक और सामाजिक समझ को बढ़ावा देना है। प्रतिनिधिमंडल में राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से चुने गए 50 युवा शामिल हैं, जिनमें स्नातक, स्नातकोत्तर विद्यार्थी, शोधार्थी और अन्य युवा शामिल हैं। चयन में लिंग, पृष्ठभूमि, जिला और विषय विविधता को विशेष महत्व दिया गया है।

वहीं कर्नाटक में आठ दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिभागी ‘युवा संगम’ के ‘5 पी’—पर्यटन, परंपरा, प्रगति, प्रौद्योगिकी और पीपल-टू-पीपल कनेक्ट—थीम से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेंगे। कार्यक्रम में कैंपस ओरिएंटेशन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, औद्योगिक एवं संस्थागत भ्रमण, संवाद सत्र और स्थानीय पर्यटन शामिल होंगे। एमएनआईटी जयपुर आगामी चरण में 5 से 12 जून 2026 के बीच धारवाड़ से आने वाले 50 युवाओं की मेजबानी करेगा, जिसमें राजस्थान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभागी अपने अनुभव ‘माई युवा संगम स्टोरी: एक्सपीरियंसिंग नेशनल इंटीग्रेशन’ विषय पर साझा करेंगे।

संस्थान के निदेशक प्रो. एन.पी. पाढ़ी ने शुभारंभ कार्यक्रम में कहा कि यह पहल देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने के साथ युवाओं को राष्ट्रीय दृष्टिकोण प्रदान करती है, जो विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने में सहायक होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश