ड्यूटी के दौरान महिला थाना के एएसआई की मौत, हार्ट अटैक की आशंका
दौसा, 19 जुलाई (हि.स.)। महिला थाना में तैनात एएसआई गिरधारी लाल मीणा की शनिवार देर रात ड्यूटी के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
महिला थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि 56 वर्षीय एएसआई गिरधारी लाल मीणा शनिवार रात ड्यूटी ऑफिसर के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उन्हें अचानक सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस हुई। कुछ ही देर में उनकी हालत गंभीर हो गई और वे अचेत हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल की इमरजेंसी यूनिट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गिरधारी लाल मीणा मूल रूप से अलवर जिले के प्रतापगढ़ क्षेत्र स्थित हमीरपुर गांव के निवासी थे। उनके परिवार में एक पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। उन्होंने पुलिस विभाग में करीब 35 वर्षों तक सेवाएं दीं। वे लंबे समय तक दौसा कोतवाली थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर कार्यरत रहे थे। करीब तीन माह पूर्व ही उनका पदोन्नति होकर एएसआई पद पर चयन हुआ था, जिसके बाद उनका स्थानांतरण महिला थाने में किया गया था।
रविवार सुबह जिला अस्पताल में उनका पोस्टमॉर्टम कराया गया।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव हमीरपुर ले जाया गया। एएसआई की अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

