home page

दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ ने जारी किया टोल फ्री नंबर

 | 
दुकानदारों की समस्याओं के समाधान के लिए महासंघ ने जारी किया टोल फ्री नंबर


जयपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। ऑल राजस्थान दुकानदार महासंघ ने प्रदेशभर के दुकानदारों की समस्याओं के समाधान और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की है। महासंघ ने दुकानदारों की शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर 7340053419 जारी किया है। इसके साथ ही ‘गो ऑफलाइन दिस ईयर’ थीम पर ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन के विरोध में अभियान चलाकर ग्राहकों को स्थानीय बाजारों से खरीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

महासंघ की ओर से लालकोठी स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित अभिनंदन समारोह में डॉ. राजीव शर्मा को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की गई। वहीं नीलकंठ ग्रुप के लोकेश माहेश्वरी को प्रदेश सचिव मनोनीत किया गया। महासंघ के पदाधिकारियों ने डॉ. शर्मा की नियुक्ति का सर्वसम्मति से अनुमोदन करते हुए उनका अभिनंदन किया। लोकेश माहेश्वरी को प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने नियुक्ति पत्र सौंपा।

नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजीव शर्मा ने बताया कि जारी किए गए टोल फ्री नंबर के माध्यम से प्रदेश के दुकानदार जीएसटी संबंधी समस्याओं और अन्य व्यापारिक परेशानियों की जानकारी महासंघ तक पहुंचा सकेंगे। महासंघ इन शिकायतों को संबंधित विभागों और सरकार के समक्ष उठाकर समाधान का प्रयास करेगा। इस पहल में छोटे दुकानदारों की समस्याओं को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते चलन से पारंपरिक दुकानदारों के सामने आर्थिक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। ऐसे में महासंघ ‘गो ऑफलाइन दिस ईयर’ थीम के तहत ऑफलाइन खरीदारी को प्रोत्साहित करने का अभियान चलाएगा। इसके माध्यम से ग्राहकों को स्थानीय बाजारों और दुकानों से खरीदारी करने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि पारंपरिक व्यापार को मजबूती मिलने के साथ छोटे दुकानदारों के रोजगार और व्यापारिक हितों की रक्षा हो सके।

समारोह में मुख्य संरक्षक डॉ. केएल जैन, प्रदेश अध्यक्ष किशोर कुमार टाक, प्रदेश महामंत्री सुरेश चंद केदावत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिमलेश अग्रवाल और झामन टेक चंदानी सहित महासंघ के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रदेश के छोटे-बड़े व्यापारियों को एक मंच पर लाकर उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाना और व्यापारिक हितों की रक्षा करना है। नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी संगठन को मजबूत बनाने और दुकानदारों के हित में सक्रियता से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश