home page

गंदगी में चल रहा था फास्ट फूड सेंटर: खाद्य सुरक्षा विभाग ने कराया किचन बंद

 | 
गंदगी में चल रहा था फास्ट फूड सेंटर: खाद्य सुरक्षा विभाग ने कराया किचन बंद


जयपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को टोंक रोड स्थित आनंद बाजार मॉल में संचालित श्री श्याम फूड उर्फ पिज्जा सिटी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी रसोई को अगले आदेश तक बंद करा दिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के अभियान ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। रसोई में बदरंग दीवारें, गंदा फर्श और बर्तन, बिना जाली के खुले दरवाजे व खिड़कियां मिलीं। खाद्य सामग्री पर अवधि अंकित नहीं थी। रसोई में कई कॉकरोच घूमते मिले और पका हुआ खाना भी बिना ढके रखा था।

निरीक्षण के दौरान बिना ढक्कन के कूड़ेदान, प्रतिबंधित फूड एडिटिव्स और अप्रशिक्षित स्टाफ भी मिला। पेस्ट कंट्रोल के प्रमाण, फूड हैंडलर्स के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की लैब जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं थी।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से विभिन्न खाद्य सामग्रियों के पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। विभाग की ओर से प्रतिष्ठान को कमियां दूर करने के लिए नोटिस दिया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्रतिकूल आने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा नियम-विनियम, 2011 के तहत सक्षम न्यायालय में मामला दायर किया जाएगा। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद थारवान और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश