home page

सात राज्यों के 80 किसानों और पशुपालकों ने सीखी वैज्ञानिक भेड़-बकरी पालन की तकनीकें

 | 
सात राज्यों के 80 किसानों और पशुपालकों ने सीखी वैज्ञानिक भेड़-बकरी पालन की तकनीकें


बीकानेर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय (एसकेआरएयू) के कृषि महाविद्यालय में सात राज्यों से आए 80 किसानों और पशुपालकों को वैज्ञानिक भेड़ एवं बकरी पालन का प्रशिक्षण दिया गया। सात दिवसीय प्रशिक्षण में पशुपालन को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने पर जोर दिया गया।

शुक्रवार को आयोजित समापन समारोह में पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. कुलदीप चौधरी ने राज्य सरकार की पशुधन विकास योजनाओं की जानकारी दी और पशुपालकों को स्वरोजगार अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. शंकर लाल ने बताया कि प्रतिभागियों को पशुओं की नस्ल पहचान, वैज्ञानिक प्रजनन, पोषण, आवास प्रबंधन, स्वास्थ्य और रोग नियंत्रण के बारे में जानकारी दी गई। सैद्धांतिक सत्रों के साथ प्रायोगिक गतिविधियों के जरिए व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षणार्थियों को केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान (सीएसडब्ल्यूआरआई) के भेड़ फार्मों, राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (राजूवास) के सिरोही बकरी फार्म और बीछवाल स्थित पशुधन अनुसंधान केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

डॉ. सुनील कुमार ने पशुधन उत्पादों में मूल्य संवर्धन, गुणवत्ता सुधार और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के गठन के जरिए सामूहिक रूप से काम करने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि इससे पशुपालकों को उत्पादों के बेहतर विपणन और आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।

समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। डॉ. कुलदीप शिंदे ने आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव