तारबंदी एवं खेत तलाई योजना से किसानों को मिला संबल
जोधपुर, 08 मई (हि.स.)। राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत ग्राम पंचायत नारनाडी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान ग्रामीणों एवं किसानों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान कृषक भरता राम विश्नोई निवासी ताप ने बताया कि उन्हें कृषि विभाग की ओर से तारबंदी योजना में अनुदान प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें आर्थिक संबल मिला। उन्होंने बताया कि खेत की सुरक्षा होने से फसल उत्पादन में भी वृद्धि हुई है। साथ ही अभियान के माध्यम से उन्हें पशुपालन, राजस्व एवं उद्यान विभाग की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त हुई।
इसी प्रकार कृषक जगमालराम पुत्र हरिराम ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की खेत तलाई निर्माण योजना के तहत आवेदन किया था। योजना के अंतर्गत खेत तलाई निर्माण कार्य पूर्ण होने पर उन्हें राजस्थान सरकार की ओर से 1 लाख 20 हजार रुपए का अनुदान प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि खेत तलाई के माध्यम से वर्षा जल का संग्रहण कर वे खेती कर रहे हैं, जिससे सिंचाई सुविधा बेहतर हुई है तथा कृषि कार्य में लाभ मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

