खेत में दवा छिड़कते समय किसान बेहोश, अस्पताल में मौत
भरतपुर, 16 अगस्त (हि.स.)।
गहनौली थाना क्षेत्र के अजीतपुर गांव में खेत पर फसल में दवा का छिड़काव करने गए 36 वर्षीय किसान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। किसान खेत में दवा छिड़क रहा था, इसी दौरान अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने उसे तत्काल रूपवास अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। आरबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया।
हेड कॉन्स्टेबल इंद्रजीत सिंह ने बताया कि कल देर शाम किसान पुष्पेंद्र निवासी अजीतपुर के खेत में दवा छिड़कने के दौरान बेहोश होने की सूचना मिली थी। परिजन और आसपास के लोग उसे पहले रूपवास अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से चिकित्सकों ने उसे आरबीएम अस्पताल भेज दिया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। देर शाम शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने रविवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। फिलहाल किसान की मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। दवा के प्रभाव या किसी अन्य कारण से तबीयत बिगड़ी, इसकी जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति साफ होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

