चूरू में 8 मार्च को जुटेगा रणबांकुरों का मेला: मुख्यमंत्री और सेना कमांडर करेंगे शिरकत
जयपुर, 06 मार्च (हि.स.)। भारतीय सेना की सप्त शक्ति कमान (रणबांकुरा डिवीजन) द्वारा आगामी 08 मार्च को चूरू के साई स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य 'गौरव सेनानी समारोह' का आयोजन किया जाएगा। इस गौरवशाली रैली में जिले की सभी आठ तहसीलों से 6 हजार से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और वीरांगनाओं के जुटने की संभावना है।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी कर्नल निखिल धवन के अनुसार, समारोह में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और सप्त शक्ति कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मंजिंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। वर्तमान वैश्विक भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच यह आयोजन पूर्व सैनिकों की 'द्वितीय रक्षा पंक्ति' के रूप में भूमिका और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को रेखांकित करेगा।
समारोह के दौरान आधुनिक सैन्य उपकरणों की प्रदर्शनी और सेना की गौरवशाली परंपराओं को दर्शाते सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सेना इस मंच के जरिए अपने पूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके कल्याण के संकल्प को दोहराएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

