वीकेआई में मिलावटी मसालों की फैक्ट्री सीज: 6 हजार 273 किलो स्टॉक जब्त
जयपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुद्ध आहार–मिलावट पर वार अभियान के तहत विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (वीकेआई) में मिलावटी मसालों के निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक मसाला पिसाई केंद्र को सीज कर दिया। साथ ही विभाग के अधिकारियों ने मौके से 6 हजार 273 किलोग्राम हल्दी और लाल मिर्च पाउडर का स्टॉक सीज किया है। साथ ही फैक्ट्री का खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
अभिहित अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी जयपुर प्रथम की टीम ने विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया (वीकेआई) स्थित प्लॉट नंबर डी-238, रोड नंबर 9ए पर संचालित राजेंद्र इंटरप्राइजेज मसाला पिसाई केंद्र पर छापा मारा।
इस कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालक राजेंद्र सिंह के यहां से हल्दी पाउडर और लाल मिर्च पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए। जबकि शेष 6 हजार 273 किलोग्राम मसालों के स्टॉक को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
अभिहित अधिकारी डॉ. रवि शेखावत ने बताया कि संबंधित संचालक पहले भी मिलावटी मसालों के निर्माण और व्यापार में संलिप्त पाया जा चुका है। विभागीय रिकॉर्ड के अनुसार 10 जुलाई 2022 को लिए गए लाल मिर्च पाउडर के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए थे। इस मामले में 6 जनवरी 2023 को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जयपुर द्वितीय की अदालत में परिवाद प्रस्तुत किया जा चुका है, जो वर्तमान में विचाराधीन है।
उन्होंने बताया कि इसी तरह 17 अक्टूबर 2025 को लिए गए हल्दी पाउडर के नमूने भी जांच में असुरक्षित पाए गए थे। इस मामले में भी न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
डॉ. शेखावत ने बताया कि एक ही प्रतिष्ठान से बार-बार असुरक्षित मसालों के निर्माण के तथ्य सामने आने के कारण फैक्ट्री को सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 64 के तहत भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई प्रस्तावित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

