ग्रीष्मावकाश में अतिरिक्त यात्री दबाव : जैसलमेर-हावड़ा एकतरफा स्पेशल ट्रेन 27 जून को चलेगी
जाेधपुर, 25 जून (हि.स.)। रेलवे ने ग्रीष्मावकाश के दौरान ट्रेनों में बढ़ते यात्री यातायात को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए जैसलमेर-हावड़ा (एकतरफा) स्पेशल ट्रेन संचालित करने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 27 जून को संचालित होगी और राजस्थान से पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि गाड़ी संख्या 04803, जैसलमेर-हावड़ा एकतरफा स्पेशल 27 जून को जैसलमेर से सुबह 8.15 बजे रवाना होगी। ट्रेन जोधपुर स्टेशन पर दोपहर 1.50 बजे पहुंचेगी तथा 2.30 बजे प्रस्थान कर तीसरे दिन सुबह 6.30 बजे हावड़ा पहुंचेगी।
यह विशेष ट्रेन मार्ग में रामदेवरा, फलोदी, जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, भरतपुर, ईदगाह, टूण्डला, इटावा, गोविन्दपुरी, सुबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भबुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, पारसनाथ, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्द्धमान तथा बैण्डेल स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस विशेष ट्रेन में 8 स्लीपर,6 जनरल श्रेणी तथा 2 गार्ड डिब्बे लगाए जाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

